नयी दिल्ली, एक फरवरी (भाषा)केंद्रीय वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा रविवार को वित्तवर्ष 2026-27 के लिए पेश आम बजट में नेशनल इंटेलिजेंस ग्रिड (नैटग्रिड) के लिए आवंटन में चालू वित्त वर्ष के मुकाबले 27.11 प्रतिशत की भारी कटौती का प्रस्ताव किया गया है।
नैटग्रिड आतंकवाद से निपटने के लिए महत्वपूर्ण डिजिटल जानकारी तक वास्तविक समय में पहुंच प्रदान करने के लिए सुरक्षा और खुफिया एजेंसियों के ‘डेटाबेस’ को जोड़ता है।
बजट में घोषित प्रस्तावों के मुताबिक केंद्रीय गृह मंत्रालय के तहत पुलिस मद के अंतर्गत वित्त वर्ष 2026-27 के लिए नैटग्रिड को 108.98 करोड़ रुपये की व्यवस्था की गई है, जो वित्त वर्ष 2025-26 के संशोधित अनुमानों में उपलब्ध कराए गए 149.52 करोड़ रुपये से 40.54 करोड़ रुपये कम है।
बजट दस्तावेज के मुताबिक, ‘‘यह प्रावधान नेशनल इंटेलिजेंस ग्रिड के लिए है, जिसका उद्देश्य आतंकवाद से निपटने में सहायता के रूप में डेटाबेस को आपस में जोड़ना है। इसका उद्देश्य आंतरिक सुरक्षा खतरों का मुकाबला करने की क्षमता को बेहतर बनाने के लिए एक सुविधा का निर्माण करना है।’’
भाषा धीरज नरेश
नरेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
