scorecardresearch
Tuesday, 10 March, 2026
होमदेशअमेठी में दो मोटरसाइकिल खड़े ट्रक से टकराईं, तीन लोगों की मौत

अमेठी में दो मोटरसाइकिल खड़े ट्रक से टकराईं, तीन लोगों की मौत

Text Size:

अमेठी (उप्र), 10 मार्च (भाषा) अमेठी जिले में दो मोटरसाइकिल के सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकराने के कारण पिता-पुत्री समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार यह घटना सोमवार देर शाम फुरसतगंज थाना क्षेत्र में रायबरेली-सुल्तानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर निगोहां गांव के पास उस वक्त की है जब दो मोटरसाइकिल पर सवार सात लोग रायबरेली की ओर जा रहे थे।

उसने बताया कि सामने से आ रहे तेज रफ्तार वाहन से बचने के प्रयास में दोनों मोटरसाइकिल सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गईं।

पुलिस ने बताया कि हादसे में सभी सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए और उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फुरसतगंज ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जायस निवासी अतुल (38) व उनकी बेटी दिशा (छह) और हीरालाल (45) को मृत घोषित कर दिया।

उसने बताया कि घायल रानी (30), शिवानी (18) और पल्लवी (16) को गंभीर हालत में रायबरेली के जिला अस्पताल रेफर किया गया है, जबकि माही (12) का उपचार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फुरसतगंज में किया जा रहा है।

पुलिस ने बताया कि सभी आपस में रिश्तेदार बताए गए हैं और ये सभी जायस के एक स्कूल में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने के बाद घर लौट रहे थे।

पुलिस क्षेत्राधिकारी (तिलोई) दिनेश कुमार मिश्रा ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं और ट्रक को पुलिस ने जब्त कर लिया है।

भाषा सं जफर खारी

खारी

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments