scorecardresearch
Thursday, 16 April, 2026
होमदेशमणिपुर के कामजोग में गोलीबारी में दो घायल

मणिपुर के कामजोग में गोलीबारी में दो घायल

Text Size:

इंफाल, 24 मार्च (भाषा) मणिपुर के कामजोग जिले के एक गांव में मंगलवार सुबह सशस्त्र बदमाशों की गोलीबारी में दो लोग घायल हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि घायलों की पहचान तंगखुल नगा समुदाय से जुड़े रिंग्युई रामरोर (22) और रायचन लुंगलेग (34) के रूप में हुई है। ये लोग शारकाफुंग गांव के निवासी हैं।

उन्होंने बताया कि घायलों को इलाज के लिए उखरुल जिला अस्पताल ले जाया गया है।

अधिकारियों ने स्थानीय ग्रामीणों के हवाले से बताया कि गोलीबारी कथित तौर पर उखरुल जिले के मांगकोट चेपू से हुई जो शारकाफुंग से लगभग एक किलोमीटर दूर है।

ये दोनों गांव उखरुल जिले के उस इलाके, लिटान सरिखोंग के करीब हैं जहां फरवरी में कुकी और तंगखुल नगा समुदायों के बीच झड़पें हुई थीं। झड़पों में 30 से अधिक घरों को आग लगा दी गई थी।

इस बीच, ‘तंगखुल नगा फुटहिल्स ऑर्गनाइजेशन’ की केंद्रीय कार्य समिति ने हिंसा पर ‘गंभीर चिंता’ व्यक्त की।

संगठन ने कहा कि सुरक्षा बलों की अपर्याप्त तैनाती ने संवेदनशील क्षेत्रों को असुरक्षित स्थिति में डाल दिया है जिससे नागरिकों की जान खतरे में है।

उन्होंने शारकाफुंग और नजदीकी थवी गांव में तत्काल राज्य बलों की तैनाती की मांग की है।

भाषा प्रचेता शोभना

शोभना

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments