चेन्नई, 26 नवंबर (भाषा) तमिलनाडु में सत्तारूढ़ टीवीके और उसकी प्रमुख सहयोगी कांग्रेस ने नेता प्रतिपक्ष उदयनिधि स्टालिन की राज्यपाल आर वी आर्लेकर से मुलाकात को लेकर उनकी आलोचना की।
उदयनिधि ने राज्यपाल से मुलाकात करके एक महिला जिला कलेक्टर के कथित यौन उत्पीड़न मामले में टीवीके विधायक सी. अरुल विग्नेश को गिरफ्तार करने के लिए उनके हस्तक्षेप की मांग की थी।
स्वास्थ्य मंत्री के जी अरुणराज ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि द्रमुक के ‘‘दोहरे मापदंडों’’ को जनता अच्छी तरह जानती है। उन्होंने कहा कि द्रमुक पहले राज्यपाल के संवैधानिक पद के बारे में अपमानजनक और अभद्र टिप्पणियां करती रही है।
मंत्री ने कहा कि विपक्षी दल हमेशा यह कहता रहा है कि राज्यपाल जैसे संवैधानिक पद की कोई आवश्यकता नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि द्रमुक के शासनकाल में कई आपराधिक मामलों में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो से जांच की मांग को लेकर जनता और गठबंधन के सहयोगी दलों ने अपील की थी, लेकिन उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया।
वहीं, तमिलनाडु कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष बी. मणिकम टैगोर ने भी उदयनिधि पर निशाना साधा। टैगोर ने तंज कसते हुए कहा कि द्रमुक नेता पहले राज्यपाल को महज एक ‘डाकिया’ बताते थे, लेकिन अब वही उदयनिधि और उनकी पार्टी के अन्य नेता उसी ‘डाकिये’ के सामने पत्र सौंपने के लिए कतार में खड़े हैं।
भाषा रंजन अमित
अमित
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.