scorecardresearch
Tuesday, 31 March, 2026
होमदेशछत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री होंगे टी एस सिंह देव

छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री होंगे टी एस सिंह देव

Text Size:

(तस्वीरों के साथ)

नयी दिल्ली, 28 जून (भाषा) छत्तीसगढ़ के मंत्री टी. एस. सिंह देव राज्य के उप मुख्यमंत्री बनाये जाएंगे। सत्तारूढ़ कांग्रेस ने विधानसभा चुनाव से कुछ महीने पहले बुधवार को उन्हें इस पद पर नियुक्त किये जाने को मंजूरी दी।

यहां जारी पार्टी के एक बयान के अनुसार, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने छत्तीसगढ़ में सिंह देव को उपमुख्यमंत्री नियुक्त करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है।

राज्य में साल के अंत तक विधानसभा चुनाव होने हैं।

राज्य में 2018 में पार्टी के सत्ता में आने के बाद से सिंह देव और मुख्यमंत्री भूपेश बघेल सत्ता की लड़ाई में एक दूसरे के आमने-सामने रहे हैं।

सिंह ने पहले दावा किया था कि पार्टी नेतृत्व ने वादा किया था कि वह और बघेल बारी-बारी से मुख्यमंत्री पद पर रहेंगे। हालांकि, बघेल ने इस दावे को खारिज कर दिया था।

बघेल ने कुछ महीने पहले, उनके प्रति निष्ठा रखने वाले विधायकों की उस वक्त पार्टी नेतृत्व के समक्ष परेड भी करायी थी, जब सिंह देव ने बघेल को मुख्यमंत्री पद से हटाने के प्रयास तेज कर दिए थे।

बघेल और सिंह देव विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी की रणनीति बनाने संबंधी बैठक के लिए राष्ट्रीय राजधानी आये हैं।

सूत्रों ने बताया कि पार्टी की छत्तीसगढ़ की प्रभारी महासचिव कुमारी शैलजा ने सिंह देव को उप मुख्यमंत्री नियुक्त करने का एक प्रस्ताव भेजा था और पार्टी अध्यक्ष ने इसे मंजूरी दे दी।

बघेल और सिंह देव ने रणनीति बैठक के बाद खरगे से उनके आवास पर मुलाकात भी की।

बघेल ने बाद में, उनकी तथा सिंह देव की एक तस्वीर ट्वीट की और कहा, ‘‘हम तैयार हैं। महाराज साहब को उपमुख्यमंत्री के रूप में दायित्व के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं।’’ तस्वीर में दोनों नेता मुस्कुराते हुए नजर आ रहे हैं।

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव (संगठन) के सी वेणुगोपाल ने ट्वीट किया, ‘‘वह (सिंह देव) कांग्रेस के वफादार नेता हैं और कुशल प्रशासक हैं। राज्य को उपमुख्यमंत्री के रूप में उनकी सेवाओं से काफी फायदा मिलेगा। हमें विश्वास है कि छत्तीसगढ़ के लोग खरगे जी तथा राहुल गांधी जी के नेतृत्व में भारी बहुमत से कांग्रेस को सत्ता में बरकरार रखेंगे।’’

कांग्रेस को छत्तीसगढ़ में अपनी सत्ता कायम रखने की उम्मीद है और वह पार्टी की प्रदेश इकाई में एकजुटता प्रदर्शित करने का प्रयास कर रही है।

भाषा

गोला सुभाष

सुभाष

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments