scorecardresearch
Friday, 6 March, 2026
होमदेशटीआरएफ षड्यंत्र मामला : कश्मीर में कई जगहों पर एनआईए के छापे, एक आतंकवादी गिरफ्तार

टीआरएफ षड्यंत्र मामला : कश्मीर में कई जगहों पर एनआईए के छापे, एक आतंकवादी गिरफ्तार

Text Size:

श्रीनगर, 22 जून (भाषा) आतंकवादी षड्यंत्र मामले में एनआईए ने बुधवार को कश्मीर में कई जगहों पर छापे मारे और तलाशी ली। इस दौरान ‘द रेसिस्टेंस फ्रंट’ (टीआरएफ) कमांडर के एक करीबी सहयोगी आतंकवादी को गिरफ्तार किया गया। एक अधिकारी ने इस आशय की जानकारी दी।

राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) के एक प्रवक्ता ने बताया कि दक्षिण कश्मीर के कुलगाम जिले के नौपोरा-खारपोरा गांव निवासी मुदसिर अहमद डार को साजो-सामान मुहैया कराने और हथियारों के परिवहन में मदद करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।

अधिकारी ने बताया कि टीआरएफ षड्यंत्र मामले में श्रीनगर, कुलगाम, पुलवामा और गांदेरबल में कुल 11 जगहों की तलाशी ली गई।

प्रवक्ता ने बताया, ‘‘वह (डार) टीआरएफ के कमांडर से करीब से जुड़ा हुआ था और कश्मीर में हाल में निशाना बनाकर की गई हत्याओं के लिए जिम्मेदार है। वह कट्टरपंथ को बढ़ावा देने और युवाओं को भटका कर उन्हें समूह में भर्ती करने में भी शामिल था।’’

एनआईए ने बताया कि तलाशी के दौरान आपत्तिजनक सामग्री, डिजिटल उपकरण जब्त किए गए हैं और मामले की जांच की जा रही है।

एजेंसी ने कहा कि यह मामला ‘‘टीआरएफ और उसके स्वयंभू कमांडर सज्जाद गुल की गतिविधियों से जुड़ा हुआ है, जो जम्मू-कश्मीर और भारत के अन्य हिस्सों में आतंकवादी गतिविधियों को अंजाम देने के लिए जम्मू-कश्मीर के युवाओं को सक्रिय रूप से कट्टरपंथी बनाने, उन्हें भ्रमित करने और उनकी भर्ती में जुटा हुआ है। टीआरएफ प्रतिबंधित आतंकवादी संगठन लश्कर-ए-तैयबा से जुड़ा हुआ है।’’

एनआईए ने इस संबंध में 18 नवंबर, 2021 को स्वत: संज्ञान लेते हुए मामला दर्ज किया था।

भाषा अर्पणा धीरज

धीरज

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments