देहरादून, पांच जुलाई (भाषा) प्रसिद्ध यात्रा लेखक ह्यूग गैंटजर को मसूरी स्थित उनके आवास पर शनिवार को पद्मश्री पुरस्कार प्रदान किया गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि ह्यूग गैंटजर और उनकी दिवंगत पत्नी एवं सह-लेखिका कोलीन गैंटजर दोनों को यह सम्मान दिया गया है।
वरिष्ठ आईएएस अधिकारी शैलेश बाघौली ने लेखक को उनके आवास पर यह पुरस्कार प्रदान किया, क्योंकि वह स्वास्थ्य खराब होने के कारण पुरस्कार प्राप्त करने दिल्ली नहीं जा सके थे।
1950 के दशक से यात्रा लेखन में सक्रिय इस दंपति ने भारत की सांस्कृतिक विविधता, ऐतिहासिक स्थलों और सार्वजनिक जीवन को अनूठे तरीके से प्रस्तुत किया है।
एक आधिकारिक बयान में कहा गया कि दूरदर्शन पर प्रसारित ‘‘द गेंट्जर्स ट्रैवलॉग” और उनके यात्रा वृत्तांतों ने देश भर के पाठकों और दर्शकों को भारत की सुंदरता और गहराई से परिचित कराया है।
इसमें कहा गया कि ह्यूग की पत्रकारिता के प्रति तीक्ष्ण दृष्टिकोण और कोलीन की मृदु अभिव्यक्ति शैली ने मिलकर भारतीय यात्रा साहित्य को नई ऊंचाई दी। उनकी रचनाओं ने न केवल लोगों को अपने देश की खोज करने के लिए प्रेरित किया, बल्कि भारत की आत्मा को भी शब्दों में पिरोया।
भाषा
प्रीति सुरेश
सुरेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.