scorecardresearch
मंगलवार, 6 मई, 2025
होमदेशमणिपुर के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश समेत उच्च न्यायालय के 16 न्यायाधीशों का स्थानांतरण

मणिपुर के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश समेत उच्च न्यायालय के 16 न्यायाधीशों का स्थानांतरण

Text Size:

नयी दिल्ली, 18 अक्टूबर (भाषा) मणिपुर के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश समेत उच्च न्यायालय के 16 न्यायाधीशों का बुधवार को तबादला कर दिया गया।

मणिपुर उच्च न्यायालय के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति एम.वी. मुरलीधरन का स्थानांतरण दिल्ली उच्च न्यायालय में किया गया है। इससे दो दिन पहले दिल्ली उच्च न्यायालय के न्यायाधीश न्यायमूर्ति सिद्धार्थ मृदुल को पूर्वोत्तर राज्य के उच्च न्यायालय का मुख्य न्यायाधीश नियुक्त किया गया था।

हाल ही में, उच्चतम न्यायालय के कॉलेजियम ने ‘‘बेहतर न्याय प्रशासन’’ के लिए मणिपुर उच्च न्यायालय के न्यायाधीश न्यायमूर्ति मुरलीधरन को कलकत्ता उच्च न्यायालय में स्थानांतरित करने की सिफारिश की थी।

मार्च में न्यायमूर्ति मुरलीधरन के मैतेई समुदाय को अनुसूचित जनजाति (एसटी) सूची में शामिल करने पर विचार करने के आदेश से मणिपुर में अशांति फैल गई।

न्यायमूर्ति मुरलीधरन ने 10 अक्टूबर को एक पत्र भेजकर कॉलेजियम से अनुरोध किया था कि उन्हें उनके मूल मद्रास उच्च न्यायालय में स्थानांतरित कर दिया जाए और यदि यह संभव नहीं है, तो उन्हें कलकत्ता उच्च न्यायालय में स्थानांतरित करने के बजाय मणिपुर उच्च न्यायालय में काम करने की अनुमति दी जाए।

लेकिन कॉलेजियम ने उनके कलकत्ता उच्च न्यायालय में स्थानांतरित करने की सिफारिश की थी।

इस महीने की 11 तारीख को जारी प्रस्ताव में कहा गया है, ‘‘उन्होंने (मणिपुर के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश) ने जो आग्रह किया है उसमें कॉलेजियम को कोई योग्यता नहीं दिखती है। इसलिये कॉलेजियम नौ अक्टूबर 2023 की अपनी सिफारिश को दोहराता है कि न्यायमूर्ति श्री एम वी मुरलीधरन का कलकत्ता उच्च न्यायालय में स्थानांतरण किया जाये।’’

केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट में कहा कि न्यायमूर्ति एस.पी. केसरवानी को इलाहाबाद उच्च न्यायालय से कलकत्ता उच्च न्यायालय में स्थानांतरित किया गया है।

इसी प्रकार, न्यायमूर्ति राज मोहन को पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय से मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय में भेजा गया है। कर्नाटक उच्च न्यायालय में कार्यरत न्यायमूर्ति नरेंदर जी. को आंध्र प्रदेश उच्च न्यायालय का न्यायाधीश नियुक्त किया गया है।

पटना उच्च न्यायालय के न्यायाधीश न्यायमूर्ति सुधीर सिंह को पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय में भेजा गया है। इसी प्रकार, पटना उच्च न्यायालय के ही न्यायमूर्ति मधुरेश प्रसाद को कलकत्ता उच्च न्यायालय भेजा गया है। पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय के न्यायाधीश न्यायमूर्ति अरविंद सिंह सांगवान को इलाहाबाद उच्च न्यायालय भेजा गया है।

पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय के न्यायाधीश न्यायमूर्ति अवनीश झिंगन को राजस्थान उच्च न्यायालय भेजा गया है। न्यायमूर्ति राजेंद्र कुमार को इलाहाबाद उच्च न्यायालय से मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय भेजा गया है।

गौहाटी उच्च न्यायालय के न्यायाधीश न्यायमूर्ति नानी टैगिया को पटना उच्च न्यायालय में नियुक्त किया गया है जबकि आंध्र प्रदेश उच्च न्यायालय के न्यायाधीश सी. मानवेंद्रनाथ को गुजरात उच्च न्यायालय भेजा गया है।

न्यायाधीश न्यायमूर्ति मुन्नूरी लक्ष्मण को तेलंगाना उच्च न्यायालय से राजस्थान उच्च न्यायालय भेजा गया है, जबकि तेलंगाना उच्च न्यायालय की न्यायाधीश न्यायूमर्ति जी. अनुपमा चक्रवर्ती को पटना उच्च न्यायालय में भेजा गया है।

अतिरिक्त न्यायाधीश लपिता बनर्जी को कलकत्ता उच्च न्यायालय से पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय का न्यायाधीश नियुक्त किया गया है। आंध्र प्रदेश उच्च न्यायालय के एक अन्य अतिरिक्त न्यायाधीश दुप्पाला वेंकट रमण को मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय भेजा गया है।

न्यायिक फेरबदल की घोषणा उच्चतम न्यायालय की पीठ द्वारा उच्च न्यायालय के न्यायाधीशों की नियुक्ति और स्थानांतरण में देरी पर चिंता व्यक्त करने के कुछ दिनों बाद की गई है।

भाषा रंजन रंजन शफीक

शफीक

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments