scorecardresearch
Wednesday, 1 April, 2026
होमदेशपालघर जिले में एक रासायनिक संयंत्र से जहरीली गैस का रिसाव

पालघर जिले में एक रासायनिक संयंत्र से जहरीली गैस का रिसाव

Text Size:

पालघर, दो मार्च (भाषा) महाराष्ट्र के पालघर जिले के एक औद्योगिक क्षेत्र में स्थित एक रासायनिक इकाई से सोमवार दोपहर को ओलियम (फ्यूमिंग सल्फ्यूरिक एसिड) गैस का रिसाव हुआ, हालांकि रिसाव से किसी के प्रभावित होने की तत्काल कोई खबर नहीं है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि एमआईडीसी डी-जोन क्षेत्र में स्थित भागेरिया केमिकल्स कंपनी (पूर्व में जेनिथ केमिकल्स के नाम से जानी जाती थी) की इकाई से जहरीली गैस का रिसाव हुआ, जिसके चलते जिला प्रशासन और आपातकालीन सेवाओं ने तुरंत कार्रवाई की।

जिला कलेक्टर और जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की प्रमुख डॉ. इंदु रानी जाखड़ के अनुसार, यह घटना औद्योगिक क्षेत्र में सलवाड़ और पास्थल गांवों के पास स्थित कंपनी में अपराह्न करीब दो बजे हुई।

जाखड़ ने जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण द्वारा जारी एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा, “घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन, दमकल विभाग, पुलिस विभाग और आपदा प्रबंधन तंत्र तुरंत मौके पर पहुंचे। स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।”

उन्होंने प्रारंभिक जानकारी का हवाला देते हुए कहा कि फिलहाल इस घटना से कोई प्रभावित नहीं हुआ है और एक तकनीकी टीम गैस रिसाव को नियंत्रित करने के लिए काम कर रही है।

विज्ञप्ति में कहा गया है कि एहतियात के तौर पर, सलवाड़ और पास्थल के निवासियों को सोशल मीडिया और अन्य संचार माध्यमों के माध्यम से अपनाए जाने वाले सुरक्षा प्रोटोकॉल के बारे में सूचित किया गया था।

इसमें कहा गया कि प्रशासन ने स्थानीय निवासियों को प्रभावित क्षेत्र से दूर रहने और गीले रुमाल, कपड़े या मास्क से अपनी नाक और मुंह ढकने की सलाह दी है, और यदि उपलब्ध हो तो दस्ताने और चश्मे जैसे सुरक्षात्मक उपकरण का उपयोग करने की सलाह दी है।

विज्ञप्ति के अनुसार, गैस के संपर्क में आने की स्थिति में, लोगों को निर्देश दिया गया है कि वे प्रभावित त्वचा या आंखों को कम से कम 15 से 20 मिनट तक साफ पानी से धोएं और यदि संपर्क का प्रभाव न्यूनतम प्रतीत होता है, तब भी चिकित्सा सहायता लें।

कलेक्टर जाखड़ ने निवासियों से अपील की कि वे अफवाहों पर विश्वास न करें और प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का सख्ती से पालन करें।

भाषा प्रशांत दिलीप

दिलीप

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments