scorecardresearch
Monday, 7 October, 2024
होमदेशअंडमान में चक्रवात के मद्देनजर पर्यटन व अन्य गतिविधियां बंद की गयीं

अंडमान में चक्रवात के मद्देनजर पर्यटन व अन्य गतिविधियां बंद की गयीं

Text Size:

नयी दिल्ली, 17 मार्च (भाषा) केंद्र सरकार ने अगले हफ्ते की शुरुआत तक चक्रवात आने की आशंका के मद्देनजर बृहस्पतिवार को केंद्रशासित प्रदेश अंडमान एवं निकोबार द्वीपसमूह में मछली पकड़ने, पर्यटन और जहाजरानी गतिविधियों को तत्काल रोकने का आदेश दिया वहीं थलसेना, नौसेना और वायु सेना को तैयार रहने को कहा है।

अनुमान है कि अगले हफ्ते की शुरुआत तक चक्रवात अंडमान एवं निकोबार तट पर पहुंच सकता है।

केंद्रीय गृह सचिव अजय भल्ला की अध्यक्षता में हुयी एक उच्चस्तरीय बैठक में चक्रवात को लेकर तैयारियों की समीक्षा की गई। चक्रवात के 21 मार्च तक अंडमान निकोबार तट से टकराने की आशंका है।

एक आधिकारिक प्रवक्ता ने कहा कि राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की एक टीम पहले से ही पोर्ट ब्लेयर में तैनात है, जबकि जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त टीम मुख्य भूमि से हवाई मार्ग से भेजी जा सकती है।

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने बैठक में सूचित किया कि दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी में कम दबाव के क्षेत्र के 21 मार्च तक चक्रवाती तूफान में बदलने की आशंका है और इस दौरान हवा की गति 70-80 किमी प्रति घंटे से लेकर 90 किमी प्रति घंटे तक होगी।

गृह सचिव ने केंद्रीय मंत्रालयों और एजेंसियों को नियमित निगरानी रखने तथा अंडमान निकोबार प्रशासन के संपर्क में बने रहने का निर्देश दिया।

भाषा अविनाश उमा

उमा

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments