scorecardresearch
मंगलवार, 29 अप्रैल, 2025
होमदेशशाह और नड्डा सहित शीर्ष भाजपा नेताओं ने मुर्मू को कार्यभार संभालने पर बधाई दी

शाह और नड्डा सहित शीर्ष भाजपा नेताओं ने मुर्मू को कार्यभार संभालने पर बधाई दी

Text Size:

नयी दिल्ली, 25 जुलाई (भाषा) केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष जे पी नड्डा सहित केंद्र की सत्ताधारी पार्टी के कई नेताओं ने सोमवार को भारत के 15वें राष्ट्रपति के रूप में शपथ लेने पर श्रीमती द्रौपदी मुर्मू को बहुत बधाई।

भाजपा नेताओं ने उम्मीद जताई कि उनके मार्गदर्शन में देश नयी ऊंचाइयों को छुएगा और ‘‘न्यू इंडिया’’ और भी समृद्ध होगा।

मुर्मू ने भारत के 15वें राष्ट्रपति के तौर पर शपथ ली है। प्रधान न्यायाधीश एनवी रमण ने उन्हें संसद के केंद्रीय कक्ष में आयोजित एक समारोह में पद की शपथ दिलाई।

शाह ने एक ट्वीट में कहा, “भारत के 15वें राष्ट्रपति के रूप में शपथ लेने पर द्रौपदी मुर्मू को बहुत-बहुत बधाई। मुझे विश्वास है कि आपका कार्यकाल देश के गौरव को नई ऊंचाइयों पर ले जायेगा।”

उन्होंने कहा, “आज का यह ऐतिहासिक दिन लोकतांत्रिक मूल्यों पर चल रहे हर वर्ग के सशक्तिकरण और अंत्योदय का एक अप्रतिम उदाहरण है।”

राजनाथ सिंह ने मुर्मू को बधाई देते हुए कहा कि आज का दिन भारतीय गणराज्य के इतिहास में यादगार है।

उन्होंने कहा, ‘‘मुझे भरोसा है कि उनके समृद्ध विधायी और प्रशासनिक अनुभव का लाभ देश को मिलेगा। उनके उपयोगी कार्यकाल के लिए मेरी शुभकामनाएं।’’

भाजपा अध्यक्ष नड्डा ने कहा कि ‘‘जनता के राष्ट्रपति’’ के रूप में उनका पहला संबोधन ना सिर्फ इस ऐतिहासिक क्षण के महत्व को दर्शाता है बल्कि ‘न्यू इंडिया’ की भावना को भी परलिक्षित करता है।’’

केंद्रीय मंत्री नितिन गड़करी ने देश के 15वें राष्ट्रपति के रूप में शपथ लेने पर मुर्मू को बधाई देते हुए कहा कि आज इतिहास रचा गया है।

उन्होंने कहा, ‘‘यह हम सभी के लिए ऐतिहासिक क्षण है। मुझे विश्वास है कि उनके मार्गदर्शन और नेतृत्व में न्यू इंडिया आगे और समृद्ध होगा।’’

भाषा ब्रजेन्द्र

ब्रजेन्द्र माधव

माधव

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments