scorecardresearch
Wednesday, 29 April, 2026
होमदेशबिहार के सभी 38 जिलों में आंधी-बारिश का ‘अलर्ट’

बिहार के सभी 38 जिलों में आंधी-बारिश का ‘अलर्ट’

Text Size:

पटना, 29 अप्रैल (भाषा) मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने बुधवार को बिहार के सभी 38 जिलों में गरज-चमक के साथ आंधी और बारिश का ‘अलर्ट’ जारी किया है।

इसके साथ ही विभाग ने 19 जिलों के लिए ‘ऑरेंज अलर्ट’ तथा शेष 19 जिलों के लिए ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है।

मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, प्रभावित क्षेत्रों में आकाशीय बिजली गिरने, 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने का अनुमान है।

विभाग ने कहा कि ‘ऑरेंज अलर्ट’ वाले जिलों में विशेष सतर्कता बरतने की आवश्यकता है, क्योंकि वहां तेज आंधी, भारी बारिश और बिजली गिरने की अधिक आशंका है।

आईएमडी देश में मौसम संबंधी ‘अलर्ट’ जारी करने के लिए चार रंगों का उपयोग करता है। इनमें ग्रीन (किसी कार्रवाई की जरूरत नहीं), येलो (नजर रखें और निगरानी करते रहें), ऑरेंज (तैयार रहें) और रेड (कार्रवाई/सहायता की जरूरत) अलर्ट शामिल हैं।

मौसम विभाग ने आम लोगों, विशेषकर किसानों, मजदूरों और यात्रियों से सावधानी बरतने की अपील की है। विभाग ने लोगों को खुली जगहों, खेतों और ऊंची इमारतों से दूर रहने, बिजली के खंभों, पेड़ों और धातु की वस्तुओं से बचने तथा मौसम सामान्य होने तक अनावश्यक यात्रा से परहेज करने की सलाह दी है। पशुधन को भी सुरक्षित स्थानों पर रखने को कहा गया है।

मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, इस प्रणाली के प्रभाव से दिन के तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की जा सकती है, हालांकि आंधी-बारिश के बाद उमस बढ़ने का भी अनुमान है।

तेज हवाओं और बादलों के कारण राज्य की राजधानी पटना समेत कई इलाकों में लोगों को गर्मी से राहत मिली है। मौसम विभाग के अनुसार, पटना और आसपास के जिलों में अगले 24 घंटों के दौरान हल्की बारिश और तेज हवाएं चलने का अनुमान है।

भाषा कैलाश मनीषा अविनाश

अविनाश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments