हापुड़, 16 अप्रैल (भाषा) उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले में एक बस स्टैंड पर इंतजार कर रहे लोग एक तेज रफ्तार कार की चपेट में आ गए, जिससे उनमें से तीन की मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गए। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि यह घटना हाफिजपुर थाना क्षेत्र के मुर्शदपुर गांव के पास हुई, जहां कुछ लोग सड़क किनारे एक भोजनालय के पास बस के इंतजार में खड़े थे।
पुलिस के मुताबिक, एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ गई और सड़क किनारे खड़े लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। उसने बताया कि ब्रजनाथपुर गांव निवासी मुसाब अली की पत्नी सितारा (52) और सुभाष की पत्नी सरोज शर्मा (60) की मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार, घटना में तीन अन्य लोग घायल हो गए, जिन्हें पास के अस्पताल ले जाया गया। उसने बताया कि अस्पताल में शारदा (53) नामक महिला ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
पुलिस क्षेत्राधिकारी नीता चौहान ने बताया कि मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि मामले की जांच जारी है और आरोपी कार चालक का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
भाषा
सं जफर पारुल
पारुल
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
