धर्मशाला, 10 अप्रैल (भाषा) हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में शुक्रवार को पंजाब से श्रद्धालुओं को ले जा रही एक ट्रैक्टर-ट्रॉली के पलटकर गहरी खाई में गिर जाने से तीन लोगों की मौत हो गई और 26 अन्य घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, यह हादसा शुक्रवार दोपहर को राष्ट्रीय राजमार्ग-503 (धर्मशाला-मुबारकपुर-किरतपुर मार्ग) पर ढलियारा के पास राधा स्वामी सत्संग घर के निकट हुआ। वाहन में सवार 35 श्रद्धालु चिंतपूर्णी मंदिर से ज्वालामुखी मंदिर जा रहे थे, तभी पहाड़ी रास्ते पर चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और यह (वाहन) खाई में जा गिरा।
देहरा के पुलिस अधीक्षक मयंक चौधरी ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। घायलों को तुरंत देहरा के सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया गया।
मृतकों की पहचान अभी नहीं हो सकी है। घायलों में से छह की हालत गंभीर है और उन्हें टांडा स्थित डॉ. राजेंद्र प्रसाद सरकारी मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है, जबकि अन्य का इलाज देहरा के अस्पतालों में कराया जा रहा है। छह यात्री सुरक्षित बताए गए हैं।
पुलिस ने देहरा थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और मोटर वाहन अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यात्रियों के परिवहन के लिए ट्रैक्टर-ट्रॉली का उपयोग, जोकि कानूनन प्रतिबंधित है, हादसे की भयावहता का कारण हो सकता है। हालांकि, दुर्घटना के सटीक कारणों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच जारी है।
भाषा राखी यासिर पवनेश
पवनेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
