कानपुर (उप्र), 19 मार्च (भाषा) कानुपर के रिउना इलाके में बृहस्पतिवार को एक तेज रफ्तार दूध के टैंकर की टक्कर से मोटरसाइकिल पर सवार तीन दोस्तों की मौके पर मृत्यु हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि इस टैंकर की चपेट में आने से तीनों करीब 100 मीटर तक घसीटते चले गए। टैंकर ने मोटरसाइकिल को पीछे से टक्कर मारी।
उन्होंने बताया कि मृतकों की पहचान बलवान (35), अजय कुमार (32) और सूरज (29) के रूप में हुई है। नौबस्ता निवासी ये तीनों एक अंत्येष्टि कार्यक्रम में शामिल होने के लिए मूसानगर में यमुना घाट जा रहे थे, तभी शाखा जंवारा गांव के पास यह दुर्घटना हुई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों टैंकर के नीचे आ गए और सड़क पर काफी दूर तक घसीटे चले गए। टैंकर का चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
इस घटना से परिजनों और स्थानीय लोगों में आक्रोश पैदा हो गया और उन्होंने विरोध में राजमार्ग पर शव रखकर मार्ग जाम कर दिया। क्रेन से टैंकर हटाने के लिए पुलिस के पहुंचने पर तनाव बढ़ गया और करीब 10 किलोमीटर तक रास्ता जाम रहा जिसे करीब तीन घंटे बाद खाली कराया गया।
सहायक पुलिस आयुक्त (घाटमपुर) कृष्णकांत यादव और एसडीएम प्रताप सिंह मौके पर पहुंचे और पीड़ित के परिजनों को सरकार की ओर से कार्रवाई और सरकारी सहायता का आश्वासन दिया। परिजनों ने मुआवजे, आवास और सड़क दुर्घटना योजनाओं के तहत लाभ की मांग करते हुए ज्ञापन सौंपा।
पुलिस ने इस घटना के संबंध में मामला दर्ज किया है और फरार चालक की तलाश की जा रही है।
भाषा सं राजेंद्र सुरभि
सुरभि
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
