scorecardresearch
Thursday, 16 April, 2026
होमदेशपुलिस दल पर पथराव, हिरासत से भागने में आरोपी की मदद करने के आरोप में तीन गिरफ्तार

पुलिस दल पर पथराव, हिरासत से भागने में आरोपी की मदद करने के आरोप में तीन गिरफ्तार

Text Size:

मुजफ्फरनगर, 16 अप्रैल (भाषा) उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले के खतोली कस्बे में पुलिस दल पर पथराव करने और एक आरोपी की हिरासत से भागने में मदद करने के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि यह घटना बुधवार को हुई, जब पुलिस की एक टीम विनोद नामक एक व्यक्ति को हिरासत में लेने के लिए उसके आवास पर गई, जो स्वापक औषधि एवं मनःप्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम के तहत दर्ज मामले में वांछित है।

पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) रामाशीष यादव ने संवाददाताओं को बताया कि पुलिस ने विनोद को सफलतापूर्वक पकड़ लिया, लेकिन उसकी गिरफ्तारी का विरोध करने के लिए भीड़ मौके पर जमा हो गई।

उन्होंने बताया कि भीड़ ने पुलिस दल पर पथराव किया और हिरासत से भागने में विनोद की मदद की।

सीओ ने कहा, “हमने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और आपराधिक कानून संशोधन अधिनियम-1932 की प्रासंगिक धाराओं के तहत कई व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।”

उन्होंने बताया कि मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जिनकी पहचान सुंदर, सोनू और उपेंद्र के रूप में हुई है।

पुलिस के मुताबिक, विनोद की गिरफ्तारी के लिए व्यापक तलाश अभियान शुरू किया गया है। उसने बताया कि पुलिस कर्मियों पर हमले में शामिल अन्य स्थानीय लोगों की पहचान की जा रही है और क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

भाषा

सं जफर पारुल

पारुल

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments