(फोटो के साथ)
श्रीनगर, 29 जून (भाषा) समूचे जम्मू-कश्मीर में बृहस्पतिवार को ईद-उल-अजहा का त्योहार मनाया गया और लोग ईद की नमाज अदा करने के लिए बड़ी संख्या में मस्जिदों में जमा हुए। यहां अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि ईद की नमाज शांतिपूर्ण तरीके से अदा की गई और किसी अप्रिय घटना की कोई सूचना नहीं मिली।
उन्होंने कहा कि सबसे बड़ा जमावड़ा हजरतबल दरगाह पर लगा जहां 50,000 से अधिक लोग जमा हुए और साथ में नमाज अदा की।
हजरतबल पर नमाज अदा करने वालों में तीन पूर्व मुख्यमंत्री – फारुक अब्दुल्ला, उमर अब्दुल्ला और महबूबा मुफ्ती भी शामिल थे।
समूची घाटी में पुराने शहर में ऐतिहासिक जामा मस्जिद को छोड़कर सभी मुस्लिम इबादतगाहों पर लोग जुटे और ईद की नमाज अदा की।
अंजुमन औकफ जामिया मस्जिद के प्रबंधन अधिकारियों के अनुसार, अधिकारियों ने मस्जिद के ईदगाह में नमाज करने की अनुमति नहीं दी।
उन्होंने बताया कि परंपरा के अनुसर समूची घाटी में भेड़, बकरियों और अन्य पशुओं को हलाल किया गया।
उप राज्यपाल मनोज सिन्हा ने इस अवसर पर मुस्लिम समुदाय को बधाई दी।
सिन्हा ने ट्वीट किया, ‘‘ईद मुबारक। ईद-उल-अजहा के इस पावन त्योहार पर लोगों को बधाई। खुशी का यह मौका हम सभी को प्रेम, करुणा और क्षमा के मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित करता है। ईद-उल-अजहा का त्योहार सभी के लिए शांति, समृद्धि और खुशियां लेकर आए।’’
जम्मू-कश्मीर के राजनीतिक दलों के नेताओं ने भी लोगों को ईद की बधाई दी।
भाषा सुरभि मनीषा
मनीषा
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
