पणजी, छह फरवरी (भाषा) गोवा पुलिस ने राज्य के समुद्र तटों पर विदेशी नागरिकों को परेशान करने वाले घरेलू पर्यटकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी है। बिना सहमति के विदेशी नागरिकों की तस्वीरें खींचने या जबरन सेल्फी लेने वालों को हिरासत में लिया जाएगा। एक वरिष्ठ अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि घरेलू पर्यटकों द्वारा विदेशी महिलाओं की तस्वीरें खींचने और समुद्र तटों पर सेल्फी लेने के लिए दबाव डालने की कई घटनाएं सामने आने के बाद यह कार्रवाई शुरू की गई है।
उत्तरी गोवा के कलांगुट पुलिस ने हाल में ओडिशा के दो पर्यटकों के खिलाफ एक रूसी महिला को समुद्र तट पर कथित तौर पर परेशान करने के आरोप में मामला दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार, यह घटना इस सप्ताह की शुरुआत में कलांगुट तट पर हुई, जहां आरोपी आकाश मिनाज़ (19) और ध्यान टप्पो (34) ने एक विदेशी पर्यटक के साथ जबरदस्ती तस्वीरें खींचीं और उसे अनुचित तरीके से छुआ।
वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि यदि कोई घरेलू पर्यटक विदेशी महिलाओं की सहमति के बिना उनकी तस्वीरें खींचते हुए या उनके साथ जबरदस्ती सेल्फी लेते हुए पाया जाता है, तो उसे मौके पर ही हिरासत में ले लिया जाएगा।
भाषा आशीष दिलीप
दिलीप
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
