(तस्वीरों के साथ)
नयी दिल्ली, 19 अगस्त (भाषा) दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मंगलवार को यमुना बाजार के जलमग्न इलाकों में नंगे पैर चलकर स्थिति का जायजा लिया और लोगों को आश्वस्त किया कि जलस्तर घट रहा है तथा यहां बाढ़ जैसी कोई स्थिति नहीं है।
उन्होंने प्रभावित स्थानीय लोगों से बातचीत की और उन्हें आश्वासन दिया कि सरकार उनके साथ पूरी तरह खड़ी है। मुख्यमंत्री ने इस बात पर भी ज़ोर दिया कि यमुना नदी से सटे इलाकों में स्थिति नियंत्रण में है।
बाढ़ प्रबंधन से संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ गुप्ता ने बाढ़ प्रबंधन और नियंत्रण प्रणालियों की समीक्षा के लिए यमुना बाजार का दौरा किया।
वह यमुना बाजार में प्राचीन हनुमान मंदिर के सामने स्थित बस्ती में पहुंची और सीढ़ियों से ऊपर एक दीवार की ओर बढ़ी, जहां से वह बाढ़ के पानी से घिरी छतों पर रहने वाले निवासियों को देख सकती थीं।
मुख्यमंत्री ने उनका हालचाल पूछा तथा दोहराया कि सरकार बाढ़ की स्थिति पर कड़ी नजर रख रही है।
उन्होंने बताया कि मंगलवार सुबह यमुना का जलस्तर कुछ समय के लिए 206 मीटर के करीब पहुंच गया था, लेकिन अब यह पूरी तरह नियंत्रण में है।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि यह बस्ती यमुना नदी के डूब क्षेत्र में स्थित है, यही कारण है कि पानी वहां तक तो पहुंच गया, हालांकि यह आगे नहीं बढ़ पाया।
बाद में सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने बाढ़ प्रबंधन और प्रशासनिक तैयारियों का जमीनी निरीक्षण किया और स्थानीय निवासियों से बातचीत कर उनकी चिंताओं को भी सुना।
भाषा यासिर सुरेश
सुरेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.