मुंबई, 12 अप्रैल (भाषा) राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शप) के विधायक रोहित पवार ने रविवार को दावा किया कि महाराष्ट्र में विपक्षी विधायकों को “अपने पाले में करने” की खबरों के उलट, महायुति गठबंधन की कोई बड़ी सत्तारूढ़ पार्टी अब अपने ही सहयोगियों पर नजर गड़ाए हुए है।
रोहित पवार ने सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर परोक्ष रूप से निशाना साधते हुए दावा किया कि विश्वसनीय जानकारी है कि अगले महीने के अंत तक सत्ता में मौजूद कोई “बड़ी पार्टी” महायुति के भीतर ही दलबदल की पटकथा लिख सकती है। उन्होंने छोटे सहयोगी दलों को सतर्क रहने की भी नसीहत दी।
उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “भले ही भाजपा इस समय अपने सहयोगियों के प्रति अटूट मित्रता का संदेश देती नजर आ रही हो, लेकिन हालात कब बदल जाएं, कहा नहीं जा सकता और वही बदलाव सहयोगी दलों के बीच विश्वासघात की भावना को जन्म दे सकता है।’’
भाजपा, एकनाथ शिंदे नीत शिवसेना और सुनेत्रा पवार की राकांपा, देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व वाली महायुति सरकार में सहयोगी हैं।
पिछले कुछ दिनों से यह चर्चा है कि शिवसेना ने पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली विपक्षी शिवसेना (उबाठा) के नेताओं को अपने पाले में करने के लिए ‘ऑपरेशन टाइगर’ शुरू किया है।
हालांकि, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने शुक्रवार को इन खबरों को निराधार बताते हुए कहा था कि ऐसी अफवाहों का मकसद “सनसनी फैलाना” है।
रोहित पवार ने ‘एक्स’ पर अपने पोस्ट में दावा किया, “हकीकत कुछ और ही है। विश्वसनीय जानकारी है कि अगले महीने के अंत तक सत्ता में मौजूद कोई बड़ी पार्टी अपने ही सहयोगियों को निशाना बना सकती है।”
उन्होंने कहा, “आज भले ही भाजपा ‘हम अपने दोस्तों को कभी नहीं छोड़ेंगे’ का संदेश देती नजर आ रही हो, लेकिन कल उसके सहयोगियों को यह महसूस हो सकता है कि ‘आपने हमें धोखा दिया है’। इसलिए सहयोगियों के लिए सतर्क रहना ही समझदारी होगी, ताकि वे खुद निशाना न बन जाएं।”
भाषा खारी सुरभि
सुरभि
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
