scorecardresearch
Tuesday, 17 September, 2024
होमदेशहरियाणा के लोगों का वोट राज्य का भविष्य तय करेगा : शाह

हरियाणा के लोगों का वोट राज्य का भविष्य तय करेगा : शाह

Text Size:

फरीदाबाद, 17 सितंबर (भाषा) केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को कहा कि हरियाणा के लोगों का वोट राज्य का भविष्य तय करेगा।

फरीदाबाद में चुनावी रैली को संबोधित करते हुए शाह ने यह भी दावा किया कि राज्य में कांग्रेस की कुछ रैलियों में ‘पाकिस्तान जिंदाबाद’ के नारे लगाए गए हैं।

शाह की फरीदाबाद में मंगलवार को हरियाणा में यह दूसरी रैली थी। इससे पहले उन्होंने भिवानी के लोहारू में रैली को संबोधित किया था। प्रदेश में पांच अक्टूबर को मतदान होगा।

गृह मंत्री ने कहा, ‘‘कुछ दिन पहले, मैं टीवी पर देख रहा था – हथीन से थानेसर और थानेसर से पलवल तक, कांग्रेस की रैलियों में, ‘पाकिस्तान जिंदाबाद’ के नारे लगाए गए।

प्रदेश में मुख्य विपक्षी कांग्रेस पर निशाना साधते हुये शाह ने कहा, ‘‘क्या हरियाणा की धरती से पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे लग सकते हैं । ये कांग्रेस पार्टी तुष्टिकरण की राजनीति के लिये आज हरियाणा को भी तुष्टिकरण से लिप्त करना चाहती है।

उन्होंने कहा, ‘‘आपका एक वोट हरियाणा का भविष्य तय करेगा। (आगामी चुनावों में) दो समूह स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहे हैं। एक तरफ भाजपा जैसी ‘देशभक्तों की टोली’ है और दूसरी तरफ ’भ्रष्टाचारियों का एक टोला’ है, जो कांग्रेस में हैं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘दोनों समूहों में से आपको निर्णय करना है – भाजपा विश्वसनीय है और कांग्रेस भ्रष्ट है। भाजपा का काम सामाजिक कल्याण का है और कांग्रेस का कार्य परिवार कल्याण का है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘हमारा संकल्प एक विकसित हरियाणा और एक विकसित राष्ट्र है, जबकि उनका (कांग्रेस का) संकल्प एक परिवार का समर्थन करना है।’’

उन्होंने उपस्थित लोगों से कहा कि आपको यह तय करना है कि आगामी चुनावों में क्या करना है। शाह ने यह भी कहा कि हरियाणा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दिल के करीब है और वह राज्य के विकास के लिए कोई कसर नहीं छोड़ेंगे।

उन्होंने कहा कि अगर हरियाणा के लोग राज्य में तीसरी बार कमल (भाजपा का चुनाव चिन्ह) खिलाते हैं, तो भाजपा ओबीसी, दलितों, किसानों, सैनिकों और खिलाड़ियों के लिए कल्याणकारी कार्य करेगी।

लोहारू की तरह ही शाह ने यहां भी कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा और आरोप लगाया कि वह जम्मू-कश्मीर में अनुच्छेद 370 को वापस लाना चाहती है।

उन्होंने कांग्रेस पर अग्निपथ योजना के मुद्दे पर झूठी कहानियां गढ़ने और झूठ फैलाने का भी आरोप लगाया।

शाह ने कहा, ‘‘हुड्डा साहब, आप झूठ फैलाना बंद करें, झूठ का कारोबार ज्यादा दिन नहीं चलता।’’

शाह ने यह भी कहा कि कांग्रेस के नेता आपस में ही लड़ने में लगे हुए हैं। उन्होंने कहा,‘‘एक अनार सौ बीमार जैसे कांग्रेस हरियाणा का विकास नहीं कर सकती है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘हमारा नेतृत्व स्पष्ट है और हम नायब सैनी के नेतृत्व में चुनाव लड़ रहे हैं।’’

पिछली सरकारों पर कटाक्ष करते हुए गृह मंत्री ने कहा, ‘‘पहले भ्रष्टाचार फलता-फूलता था, लेकिन भाजपा सरकार ने हरियाणा को विकास के पथ पर अग्रसर किया। देश की सुरक्षा, समृद्धि, आतंकवाद के खात्मे और जिस शासन में राम मंदिर का निर्माण हुआ, उस सरकार को फिर से सत्ता में लाएं।’’

शाह ने लोगों से हरियाणा में भाजपा को फिर से सत्ता में लाने की अपील की।

भाषा रंजन रंजन दिलीप

दिलीप

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments