नाहन (हिमाचल प्रदेश), चार जून (भाषा) सिक्किम में भूस्खलन में मारे गए तीसरी डोगरा रेजिमेंट के लांस नायक मनीष ठाकुर का पूरे सैन्य सम्मान के साथ सिरमौर जिले के नाहन से लगभग 17 किलोमीटर दूर स्थित उनके पैतृक गांव बड़ाबन के पास बुधवार दोपहर को अंतिम संस्कार किया गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
सिक्किम में रविवार शाम भूस्खलन में लांस नायक मनीष ठाकुर (27) की मौत हो गई थी।
सिरमौर के अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट एल आर वर्मा और पुलिस अधीक्षक निश्चिंत सिंह नेगी ने राज्य सरकार की ओर से श्मशान घाट में दिवंगत लांस नायक को पुष्पचक्र अर्पित किए।
ठाकुर की तीन महीने पहले शादी हुई थी। उनके परिवार में उनके माता-पिता, पत्नी और भाई हैं। ठाकुर के छोटे भाई ने चिता को मुखाग्नि दी।
उनके अंतिम संस्कार में शिमला के सांसद सुरेश कश्यप, पांवटा के विधायक सुखराम चौधरी, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष राजीव बिंदल, भाजपा के पूर्व विधायक बलदेव तोमर, सामाजिक कार्यकर्ता नाथूराम चौहान, कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष ज्ञान चौधरी और सिरमौर सैनिक कल्याण बोर्ड के उपनिदेशक मेजर दीपक धावा समेत बड़ी संख्या में सैन्य अधिकारी तथा नेता शामिल हुए।
चंडीगढ़ से सेना के वाहन से तिरंगे में लिपटा हुआ सैनिक का पार्थिव शरीर दिन में उनके गांव लाया गया।
उनके पार्थिव शरीर को यहां लाए जाने पर ग्रामीणों ने ‘भारत माता की जय’ और ‘अमर शहीद मनीष ठाकुर अमर रहे’ के नारे लगाए।
सेना के अनुसार, सिक्किम के मंगन जिले में लाचेन कस्बे के पास छतेन में सेना शिविर पर हुए भीषण भूस्खलन में सैनिक की मौत हो गई थी।
भाषा यासिर रंजन
रंजन
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.