ठाणे, सात सितंबर (भाषा) महाराष्ट्र के ठाणे जिले में एक महिला की हत्या के आरोप में 24 वर्षीय एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। महिला की हत्या करीब 10 महीने पहले हुई थी और उसके बाद से फरार आरोपी व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया गया है। यह जानकारी पुलिस ने रविवार को दी।
एक अधिकारी ने बताया कि एक गुप्त सूचना के आधार पर, उत्तर प्रदेश निवासी राजू महेंद्र सिंह को शुक्रवार को मध्य प्रदेश के इंदौर शहर से गिरफ्तार किया गया।
उन्होंने बताया कि आरोपी ने शुरुआत में अपना नाम ‘सूरज’ बताया था, लेकिन उसके हाथ पर बने टैटू से उसकी पहचान उजागर हो गई।
वरिष्ठ निरीक्षक विनायक गायकवाड ने बताया कि सिंह 28 अक्टूबर, 2024 को भिवंडी में 23 वर्षीय एक महिला की धारदार हथियार से कथित तौर हमला करके उसकी हत्या करने के बाद फरार हो गया था।
पुलिस के अनुसार, महिला और आरोपी परिचित थे क्योंकि दोनों उत्तर प्रदेश में एक ही गांव के रहने वाले थे। पुलिस के अनुसार महिला ने उसके प्रेम प्रस्ताव को ठुकरा दिया था, जिससे वह नाराज था।
अधिकारी ने बताया कि अपराध के बाद, आरोपी ने कई बार अपना ठिकाना बदला और अपना मोबाइल फोन बंद रखा। अधिकारी ने बताया कि वह उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश में अलग-अलग जगहों पर छिपता रहा।
पुलिस को हाल ही में सूचना मिली कि सिंह इंदौर के देवास नाका इलाके में है और इंदौर अपराध शाखा की मदद से उसे पकड़ लिया गया।
भाषा अमित संतोष
संतोष
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.