scorecardresearch
Tuesday, 8 October, 2024
होमदेशहरियाणा की जनता ने झूठ को परास्त कर विकास की जीत सुनिश्चित की : प्रधानमंत्री मोदी

हरियाणा की जनता ने झूठ को परास्त कर विकास की जीत सुनिश्चित की : प्रधानमंत्री मोदी

Text Size:

(फोटो के साथ)

नयी दिल्ली, आठ अक्टूबर (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कांग्रेस पर भारतीय अर्थव्यवस्था और लोकतंत्र को कमजोर करने तथा इसके संस्थानों को बदनाम करने की अंतरराष्ट्रीय साजिश में शामिल होने का मंगलवार को आरोप लगाया।

विपक्षी दल ने हरियाणा विधानसभा चुनाव में हार के बाद निर्वाचन आयोग पर निशाना साधा है।

हरियाणा और जम्मू-कश्मीर में भाजपा के अब तक के सबसे बेहतरीन चुनावी प्रदर्शन के बाद मोदी ने पार्टी मुख्यालय में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि हरियाणा में झूठ पर विकास की राजनीति की जीत हुई है। उन्होंने कहा कि केंद्र शासित प्रदेश में चुनाव भारत के संविधान और लोकतंत्र की जीत है।

हरियाणा में पार्टी की लगातार तीसरी जीत से उत्साहित मोदी ने मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस पर जोरदार हमला किया और कहा कि वह निर्वाचन आयोग, सेना और न्यायपालिका जैसी प्रतिष्ठित संस्थाओं की प्रतिष्ठा को धूमिल करना चाहती है।

मोदी ने कहा कि जब भी भाजपा किसी राज्य में सरकार बनाती है, तो लोग लंबे समय तक उसका समर्थन करते हैं और कांग्रेस के लिए ‘‘नो एंट्री’’ का बोर्ड लगा देते हैं।

प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘एक बार जब लोग कांग्रेस को बाहर कर देते हैं, तो वे उसे वापस नहीं आने देते। वे कांग्रेस के लिए ‘नो एंट्री’ का बोर्ड लगा देते हैं…यह ऐसी पार्टी है जिसने हमेशा माना कि सत्ता उसका जन्मसिद्ध अधिकार है।’’

जाति आधारित गणना के मुद्दे पर आवाज उठाने वाले और भाजपा पर समाज के वंचित वर्गों को दबाने का आरोप लगाने वाले राहुल गांधी पर परोक्ष रूप से निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि ‘‘सोने की चम्मच लेकर पैदा हुए लोग जाति के नाम पर गरीबों को एक-दूसरे के खिलाफ खड़ा करना चाहते हैं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘कांग्रेस शायद ही कभी सत्ता में वापस आती है। तेरह साल हो गए जब कांग्रेस असम में सत्ता में वापस आई थी, और कुछ राज्य ऐसे हैं जहां कांग्रेस 60 साल से सत्ता में नहीं लौटी है।’’

मोदी ने कहा कि हरियाणा के लोगों ने कमाल कर दिया है और हर जगह कमल खिल गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने दलितों, आदिवासियों, किसानों और युवाओं को हर संभव तरीके से भड़काने की कोशिश की, लेकिन लोगों ने उसकी चालों और दुष्प्रचार को समझ लिया और पार्टी को नकार दिया।

प्रधानमंत्री ने कहा कि गीता की धरती पर सत्य, विकास और सुशासन की जीत हुई है। मोदी ने कहा कि आज हरियाणा में विकास की गारंटी ने झूठ की गोटी को मात दे दी है। उन्होंने कांग्रेस पर देश को बदनाम करने की अंतरराष्ट्रीय साजिश में शामिल होने का आरोप लगाया।

मोदी ने यह भी आरोप लगाया कि कांग्रेस ‘परजीवी’ बन गई है जो अपने गठबंधन सहयोगियों पर निर्भर है और कई बार उन्हें निगल जाती है। मोदी ने कहा कि हरियाणा का गठन 1966 में हुआ था और अब तक राज्य में 13 चुनाव हो चुके हैं।

मोदी ने कहा, ‘‘इनमें से 10 चुनावों में हरियाणा की जनता ने हर पांच साल में सरकार बदली। हालांकि, हरियाणा की जनता ने कुछ उल्लेखनीय काम किया है। पहली बार किसी सरकार को लगातार तीसरी बार मौका मिला है।’’

उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने विभिन्न मुद्दों पर किसान समुदाय और युवाओं को भड़काने की कोशिश की। उन्होंने कहा कि संदेश स्पष्ट है कि देश के हित के खिलाफ राजनीति सफल नहीं होगी।

जम्मू-कश्मीर में जीत के लिए नेशनल कॉन्फ्रेंस की सराहना करते हुए मोदी ने कहा कि भाजपा को वहां सबसे ज्यादा मत प्रतिशत मिला है।

मोदी ने कहा कि जब भी किसी राज्य में भाजपा की सरकार बनती है, तो लोग लंबे समय तक उसका समर्थन करते हैं। उन्होंने कहा कि गुजरात और मध्य प्रदेश में यह (भाजपा) दो दशकों से अधिक समय से सत्ता में है और कई राज्यों में बार-बार सत्ता में बनी हुई है।

मोदी ने कहा, ‘‘कांग्रेस शायद ही कभी सत्ता में वापस आती है। तेरह साल पहले कांग्रेस किसी राज्य में सत्ता में वापस आई थी, जब उसने असम में ऐसा किया था। कुछ राज्य ऐसे हैं जहां कांग्रेस चार, पांच या छह दशकों से सत्ता में नहीं लौटी है।’’

उन्होंने कहा कि हरियाणा में कांग्रेस अकेले लड़ी और हार गई, जबकि जम्मू-कश्मीर में उसके सहयोगी दल (नेशनल कॉन्फ्रेंस) को डर था कि गठबंधन उसकी संभावनाओं को नुकसान पहुंचा रहा है और नतीजों ने यह साबित कर दिया है।

कांग्रेस को जम्मू कश्मीर में केवल छह सीट पर जीत मिली जबकि नेशनल कॉन्फ्रेंस ने 42 सीट पर जीत दर्ज की है।

उन्होंने चेतावनी दी कि भारत की अर्थव्यवस्था, लोकतंत्र और समाज को कमजोर करने के लिए उसके खिलाफ विभिन्न षड्यंत्र रचे जा रहे हैं, जिनमें अंतरराष्ट्रीय संपर्क भी शामिल हैं।

मोदी ने कहा, ‘‘कांग्रेस जैसी राष्ट्रीय पार्टी और उसके साथी इस खेल में शामिल हैं। देशभक्त हरियाणा ने इसका मुंहतोड़ जवाब दिया है।’’

उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस एक ऐसा देश बनाना चाहती है जहां लोग अपनी विरासत से नफरत करें और अपनी संस्थाओं पर संदेह करें तथा वह हर उस संस्था को अपमानित और बदनाम करना चाहती है जिस पर उन्हें गर्व है।

अपने संबोधन में मोदी ने हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और उनके पूर्ववर्ती मनोहर लाल खट्टर के नेतृत्व की प्रशंसा की और कहा कि पिछले 10 वर्षों में केंद्र और राज्य की सरकार पर भ्रष्टाचार का कोई दाग नहीं लगा।

उन्होंने हरियाणा में किसानों और युवाओं के विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। मोदी ने कहा कि भारत खेलों में एक वैश्विक शक्ति बनेगा और हरियाणा के युवा इसमें बड़ी भूमिका निभाएंगे।

भाषा देवेंद्र शफीक

शफीक

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments