कोलकाता, 17 जून (भाषा) पश्चिम बंगाल के राज्यपाल डॉ. सी वी आनंद बोस ने राज्य निर्वाचन आयुक्त (एसईसी) राजीव सिन्हा को शनिवार को राजभवन में बुलाया। हालांकि, सिन्हा ने पंचायत चुनाव संबंधी पूर्व निर्धारित व्यस्तताओं का हवाला देते हुए राजभवन आने में असमर्थता जताई है। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि सिन्हा ने बोस से अनुरोध किया कि उन्हें आज दिन में उपस्थित होने से छूट दी जाए और ‘किसी अन्य दिन’ बैठक का समय तय किया जाए।
अधिकारी ने ‘पीटीआई-भाषा’से कहा, ‘‘सिन्हा बच नहीं रहे हैं। उन्होंने आज के लिए छूट मांगी है। उन्होंने राज्यपाल से किसी अन्य दिन मुलाकात का समय देने का अनुरोध किया है।’’
सूत्रों ने बताया कि बोस ने सिन्हा को हिंसा के बाद स्थिति को नियंत्रित करने के लिए उठाए गए कदमों की ताजा जानकारी देने के लिए अपराह्न दो बजे राजभवन बुलाया था। इस हिंसा में राज्य में चार लोगों की मौत हो गई।
राज्यपाल ने शुक्रवार को भांगोर का दौरा करने के बाद कहा कि राजनीतिक हिंसा को समाप्त करने के लिए कदम उठाए जाने चाहिए। उन्होंने अपराधियों को न्याय के दायरे में लाए जाने का आश्वासन दिया।
बोस ने वहां के स्थानीय निवासियों और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से बात करने के बाद कहा कि हिंसा को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
जिला परिषदों, पंचायत समितियों और ग्राम पंचायतों में लगभग 74,000 उम्मीदवारों का चुनाव करने के लिए राज्य में होने वाले पंचायत चुनावों में पांच करोड़ से अधिक मतदाता मताधिकार का प्रयोग करने के पात्र हैं।
भाषा
धीरज माधव
माधव
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
