उदयपुर, छह फरवरी (भाषा) राजस्थान के उदयपुर में एक युवती के प्रेमी के साथ भाग जाने के बाद उसके पिता ने यहां दावा किया कि उसकी बेटी ‘मर चुकी’ है और उसने उसका श्राद्ध किया और पिता समेत पूरे परिवार ने शोक संदेश छपवाकर बेटी का मृत्युभोज भी किया।
यह कथित घटना उदयपुर शहर के बाहरी इलाके के एक गांव से सामने आई है, जहां एक लड़की कथित तौर पर अपने प्रेमी के साथ भाग गई।
पिता ने यहां संवाददाताओं को बताया कि उसने पुलिस की मदद से अपनी बेटी को ढूंढ निकाला और 28 जनवरी को उससे मुलाकात की । उसने दावा किया कि उसने दो दिन तक उससे बात की, लेकिन बेटी ने वापस लौटने अथवा परिवार की सलाह मानने से इनकार कर दिया।
बेटी ने कथित तौर पर अपने पिता से कहा कि वह परिवार के साथ कोई रिश्ता नहीं रखना चाहती और अपनी ज़िंदगी अपने प्रेमी के साथ बिताना चाहती है।
इसके बाद, परिवार ने महिला से सभी रिश्ते खत्म करने का फैसला किया। परिवार ने एक शोक संदेश छपवाया जिसमें बताया गया कि 28 जनवरी को उसकी मौत हो गई थी और बृहस्पतिवार को पारंपरिक तौर पर श्राद्ध किया गया।
पिता ने कहा कि उन्होंने पारंपरिक हिंदू रस्में निभाईं जो किसी व्यक्ति की मौत के बाद की जाती है । इसके साथ ही पिता ने कहा कि उसे विरासत से बेदखल करने का भी फैसला किया ।
पिता ने कहा, ‘‘हमारे लिए, वह अब जीवित नहीं है।’’
भाषा बाकोलिया रंजन
रंजन
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
