जयपुर, 19 दिसंबर (भाषा) राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शुक्रवार को कहा कि आधी आबादी के सशक्तिकरण से ही समग्र विकास का सपना पूरा किया जा सकता है।
शर्मा ने कहा कि राज्य की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार ने अपने दो वर्ष के कार्यकाल में महिलाओं की सुरक्षा एवं सशक्तिकरण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है।
शर्मा ने राज्य सरकार के दो साल पूरे होने के उपलक्ष्य में धौलपुर के पचगांव में राज्य स्तरीय महिला सम्मेलन को संबोधित किया।
उन्होंने कहा, ‘‘हमारी ‘डबल इंजन’ की सरकार अपनी नीतियों एवं योजनाओं के माध्यम से महिला उत्थान के लिए निरंतर निर्णय ले रही है।’’ उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि विकसित राजस्थान 2047 के संकल्प को साकार करने में आधी आबादी की महत्वपूर्ण भूमिका होगी।
आधिकारिक बयान के अनुसार शर्मा ने कहा, ‘‘हमारी सरकार ने महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और उनके सशक्तीकरण के लिए अनेक महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं।’’ उन्होंने कहा कि 19 लाख 45 हजार महिलाओं को प्रशिक्षण प्रदान करके 12 लाख से अधिक लखपति दीदी बनाई गईं। उन्होंने कहा कि साथ ही, लाडो प्रोत्साहन योजना से अब तक 4 लाख 60 हजार बालिकाओं को लाभान्वित किया जा चुका है।
उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी ने कहा कि आज महिला घर की चौखट से निकलकर राष्ट्र निर्माण में भागीदारी कर रही है। उन्होंने कहा कि अब महिला लाभार्थी ही नहीं, बल्कि नीति निर्माता भी बन चुकी हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में राज्य सरकार ने नारी सशक्तीकरण को सिर्फ एक नीति ही नहीं बल्कि एक मिशन बनाया है।
मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री आयुष्मान आरोग्य योजना के तहत ‘आउटबाउंड पोर्टेबिलिटी’ की शुरुआत की। बयान के अनुसार ऐसा करने वाला राजस्थान देश का पहला राज्य बन गया है। बयान के अनुसार इस योजना के तहत राज्य के लोग दूसरे राज्यों में भी कैशलेस इलाज करा सकेंगे।
बयान के अनुसार साथ ही मुख्यमंत्री ने विभिन्न योजनाओं के तहत लाभार्थियों को ‘डीबीटी’ (प्रत्यक्ष लाभ अंतरण) के माध्यम से राशि हस्तांतरित की।
भाषा पृथ्वी अमित
अमित
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
