scorecardresearch
Saturday, 17 January, 2026
होमदेशपंजाब में आप सरकार मीडिया की आवाज दबा रही; इसकी उलटी गिनती शुरू हो गई है: भाजपा सांसद स्वराज

पंजाब में आप सरकार मीडिया की आवाज दबा रही; इसकी उलटी गिनती शुरू हो गई है: भाजपा सांसद स्वराज

Text Size:

नयी दिल्ली, 16 जनवरी (भाषा) भाजपा सांसद बांसुरी स्वराज ने एक समाचार पत्र समूह के उस दावे को लेकर पंजाब सरकार की शुक्रवार को आलोचना की, जिसमें कहा गया था कि आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल के बारे में एक खबर प्रकाशित करने के बाद छापेमारी के जरिये उसे निशाना बनाया जा रहा है।

भाजपा मुख्यालय में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए, स्वराज ने आम आदमी पार्टी नीत पंजाब सरकार पर मीडिया की ‘‘आवाज दबाने’’ की कोशिश करने का आरोप लगाया और कहा कि उसके गिने-चुने दिन रह गए हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘अखबार में एक लेख प्रकाशित हुआ था, जिसमें अरविंद केजरीवाल की आलोचना की गई थी। इस आलोचना से असहज होकर, आम आदमी पार्टी सरकार ने 11 जनवरी से 15 जनवरी के बीच पंजाब केसरी समूह को सुनियोजित तरीके से निशाना बनाया और ऐसा करने के लिए सभी सरकारी तंत्र का दुरुपयोग किया।’’

पंजाब केसरी समाचार पत्र समूह ने बृहस्पतिवार को मुख्यमंत्री भगवंत मान को पत्र लिखकर आरोप लगाया कि कानून लागू करने वाले अधिकारियों द्वारा कई छापेमारी करके उसे निशाना बनाया जा रहा है।

समूह ने यह भी कहा कि राज्य में सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक के खिलाफ विपक्ष के आरोपों पर एक ‘संतुलित और निष्पक्ष’ समाचार रिपोर्ट प्रकाशित होने के साथ यह शुरू हआ।

कुछ पुरानी घटनाओं का हवाला देते हुए, स्वराज ने आरोप लगाया कि पंजाब में भगवंत मान सरकार ने पूर्व में भी मीडिया की ‘‘आवाज दबाने’’ की कोशिश की थी।

उन्होंने पूछा, ‘‘आम आदमी पार्टी कब तक अपने कुशासन को छिपाने के लिए मीडिया की आवाज दबाती रहेगी?’’ उन्होंने कहा, ‘‘यह एक बहुत ही गंभीर मुद्दा है… भाजपा इसकी कड़ी आलोचना करती है।’’

स्वराज ने कहा कि दिल्ली की जनता ने पिछले साल फरवरी में अरविंद केजरीवाल नीत सरकार के कुशासन और सरकारी तंत्र के दुरुपयोग को नकार दिया था।

भाजपा नेता ने कहा, ‘‘अब आप पंजाब में भी तानाशाही कर रहे हैं। मीडिया की आवाज दबाने की कोशिश कर रहे हैं… ‘आप’ पंजाब में भी पतन की ओर बढ़ रही है। इसकी उलटी गिनती शुरू हो चुकी है।’’

समाचार पत्र समूह ने आरोप लगाया कि उसे और उसके सहयोगियों को ‘‘प्रेस को डराने के मकसद’’ से निशाना बनाकर ये छापे मारे गए।

वहीं, पंजाब सरकार ने बृहस्पतिवार देर शाम एक आधिकारिक बयान जारी कर पंजाब केसरी समूह के आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया।

भाषा सुभाष दिलीप

दिलीप

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments