scorecardresearch
Friday, 20 February, 2026
होमदेशथरूर ने एआई शिखर सम्मेलन की सराहना की, बड़े आयोजनों में छोटी-मोटी गड़बड़ियों को सामान्य बताया

थरूर ने एआई शिखर सम्मेलन की सराहना की, बड़े आयोजनों में छोटी-मोटी गड़बड़ियों को सामान्य बताया

Text Size:

नयी दिल्ली, 19 फरवरी (भाषा) कांग्रेस नेता शशि थरूर ने ‘इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट’ की प्रशंसा करते हुए बृहस्पतिवार को कहा कि शुरुआती दिन ‘‘बेहद सफल’’ रहे और किसी भी बड़े आयोजन में ‘‘कुछ छोटी-मोटी गड़बड़ियां’’ हो सकती हैं।

थरूर ने कहा कि राष्ट्रपतियों, प्रधानमंत्रियों और वैश्विक नेताओं की उपस्थिति प्रभावशाली रही, जो यह संदेश देना चाहते हैं कि कृत्रिम मेधा (एआई) के विकास में दुनिया एक नयी दिशा में आगे बढ़े।

थरूर ने कहा कि शिखर सम्मेलन के शुरुआती दिन “बेहद अच्छे” रहे, लेकिन “कुछ गड़बड़ियां” हुई हैं, जो बड़े आयोजनों में आम बात है।

उनकी यह टिप्पणी कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के उस बयान के बाद आई जिसमें उन्होंने एआई शिखर सम्मेलन को “अव्यवस्थित प्रचार कार्यक्रम” कहा और आरोप लगाया कि वहां चीनी उत्पाद प्रदर्शित किए जा रहे हैं।

नारायण गुरु पर अपनी नयी पुस्तक के विमोचन के दौरान थरूर ने कहा कि उन्हें शिखर सम्मेलन में जाने का अवसर अभी नहीं मिला, लेकिन वह कल वहां भाषण देंगे।

फ्रांसीसी राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों द्वारा राफेल जेट खरीद और ‘मेक इन इंडिया’ कंपोनेंट पर टिप्पणी के बारे में पूछे जाने पर थरूर ने कहा कि कुछ हिस्से भारत में निर्मित किए जा रहे हैं।

उन्होंने इसे रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता बढ़ाने और देश की सुरक्षा मजबूत करने वाला पहलू बताया।

आगामी फिल्म ‘केरल स्टोरी-2’ के बारे में थरूर ने कहा कि पहली फिल्म ‘‘नफरत फैलाने वाली’’ थी।

उन्होंने दावा किया कि कथित तौर पर हजारों धर्मांतरण की बातें सही नहीं थीं और देश में कुछ मामलों को बढ़ा-चढ़ाकर प्रचारित नहीं करना चाहिए।

भाषा खारी वैभव

वैभव

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments