scorecardresearch
Monday, 13 April, 2026
होमदेशठाणे: पुलिस ने सीबीआई अधिकारी बनकर ठगी करने वाले व्यक्ति को गिरफ्तार किया

ठाणे: पुलिस ने सीबीआई अधिकारी बनकर ठगी करने वाले व्यक्ति को गिरफ्तार किया

Text Size:

ठाणे, 13 अप्रैल (भाषा) महाराष्ट्र के ठाणे जिले में पुलिस ने 36 वर्षीय एक व्यक्ति को खुद को कथित तौर पर सीबीआई अधिकारी बताने और केंद्रीय एजेंसी में नौकरी दिलाने का वादा करके लोगों से ठगी करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि आरोपी की पहचान राजू अशोक पाटेकर के रूप में हुई है। अधिकारियों ने बताया कि पाटेकर पुलिस की वर्दी पहनता था, जिस पर आधिकारिक दिखने वाला एक बैज लगा होता था, वह वॉकी-टॉकी और एक एयर गन रखता था और लोगों का विश्वास जीतने के लिए खुद को केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) का अधिकारी बताता था।

विट्ठलवाड़ी पुलिस थाने के एक अधिकारी ने बताया, ‘उसने (पाटेकर) कथित तौर पर फर्जी पहचान पत्र, जाली दस्तावेज और प्रमाण पत्र तैयार किए और लोगों को सीबीआई में नौकरी दिलाने का लालच देकर उनसे पैसे वसूले, जिससे उसने जनता और सरकार दोनों को धोखा दिया।’’

अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने पाटेकर को शनिवार शाम जिले के उल्हासनगर इलाके से गिरफ्तार किया। अधिकारी ने बताया कि जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी से 7.14 लाख रुपये मूल्य की कई वस्तुएं जब्त कीं, जिनमें 50,000 रुपये नकद, एक एयर गन, छह वॉकी-टॉकी, पहचान से संबंधित कई फर्जी वस्तुएं, सिम कार्ड और सरकारी एजेंसियों से कथित तौर पर जुड़े दस्तावेज शामिल हैं।

अधिकारी ने बताया कि जब्त की गई सामग्री में भारत सरकार के नाम वाले खाली लेटरहेड, जाली प्राधिकार पत्र, स्टांप पेपर पर हलफनामे और विभिन्न सरकारी निकायों से संबंध होने का दावा करने वाले फर्जी दस्तावेज शामिल थे।

पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया गया है और मामले की जांच जारी है।

भाषा अमित वैभव

वैभव

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments