scorecardresearch
Wednesday, 10 September, 2025
होमदेशदिल्ली में थाईलैंड-दुबई से जुड़े मादक पदार्थ सिंडिकेट का भंडाफोड़, छह गिरफ्तार

दिल्ली में थाईलैंड-दुबई से जुड़े मादक पदार्थ सिंडिकेट का भंडाफोड़, छह गिरफ्तार

Text Size:

नयी दिल्ली, छह सितंबर (भाषा) दिल्ली पुलिस ने बैंकॉक से भारत में मादक पदार्थों की तस्करी कर दिल्ली-एनसीआर में आपूर्ति करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ कर छह लोगों को गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि आरोपियों के पास से करीब 5.7 किलोग्राम उच्च गुणवत्ता वाला गांजा, तीन वाहन और दो पासपोर्ट बरामद किए गए हैं।

इस कार्रवाई से थाईलैंड-भारत रूट पर सक्रिय एक अंतरराष्ट्रीय तस्करी गिरोह की गतिविधियों पर रोक लगी है।

उपायुक्त (अपराध) हर्ष इंदोरा ने कहा कि गिरोह बैंकॉक से ‘ओजी गांजा’ (उच्च गुणवत्ता वाली गांजा) 1.5 लाख रुपये प्रति किलोग्राम के भाव से खरीदता था और उसे दिल्ली-एनसीआर में 6.7 लाख रुपये प्रति किलोग्राम तक बेचता था। इसकी कमाई दुबई स्थित आपूर्तिकर्ता ईशान तक कई बैंक खातों के जरिए पहुंचाई जाती थी।

उन्होंने बताया, ‘‘मादक पदार्थ लाने वालो को विदेश यात्रा, कमीशन और नकदी का लालच दिया जाता था। उन्हें बैंकॉक ले जाया जाता, जहां स्थानीय आपूर्तिकर्ता सीलबंद पैकेट में गांजा सौंपते थे। वापसी पर ये पैकेट दिल्ली, अमृतसर, चंडीगढ़ या मुंबई हवाई अड्डों पर इनके भारतीय सहयोगियों तक पहुंचाए जाते थे।’’

पुलिस ने बताया कि आरोपियों की पहचान मेहराज खान (42) निवासी तिलक नगर, प्रताप सिंह (32) निवासी निलोठी, बैंकॉक में रह चुके अनिल कुमार सिंह (37), सुरजीत सिंह (34) निवासी चंदर विहार, हरप्रीत सिंह (27) निवासी विकासपुरी एक्सटेंशन और राजवंत सिंह (49) निवासी निहाल विहार के रूप में हुई है।

पुलिस के मुताबिक, 26 अगस्त को केशोपुर मंडी में प्रताप सिंह और मेहराज खान को रोका गया। उनकी दो कारों से 3.708 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। दोनों को स्वापक औषधि एवं मन: प्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम के तहत गिरफ्तार किया गया।

पूछताछ के बाद पुलिस ने गिरोह के मुख्य आपूर्तिकर्ता माने जा रहे अनिल कुमार सिंह को हैदराबाद से पकड़ा।

बाद में आजमगढ़ स्थित उसके गांव में छापेमारी कर उसकी कार से 2.029 किलोग्राम गांजा और बरामद किया गया।

पुलिस ने बताया कि इसके बाद चंदर विहार इलाके से हरप्रीत सिंह, राजवंत सिंह और सुरजीत सिंह को गिरफ्तार किया। यह तिकड़ी ईशान के निर्देश पर कैरीयर की व्यवस्था करने और तस्करी को आगे बढ़ाने में सक्रिय भूमिका निभाती थी।

पुलिस ने बताया कि दुबई स्थित आपूर्तिकर्ता और गिरोह के अन्य अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क का पता लगाने के लिए आगे की जांच जारी है।

भाषा राखी माधव

माधव

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments