लखनऊ, 13 जून (भाषा) उत्तर प्रदेश में शुक्रवार को भी मौसम गर्म रहा और अधिकांश स्थानों पर अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया गया।
मौसम विभाग ने सप्ताहांत में राज्य भर में अलग-अलग स्थानों पर गरज के साथ बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, आगरा 45 डिग्री सेल्सियस के साथ राज्य में सबसे गर्म स्थान रहा, इसके बाद झांसी में तापमान 44.9 डिग्री, बांदा में 44.6 और कानपुर में पारा 44.5 डिग्री सेल्सियस रहा।
राजधानी लखनऊ में अधिकतम तापमान 41.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.6 डिग्री अधिक है, जबकि न्यूनतम तापमान 30.5 डिग्री सेल्सियस रहा।
मौसम विभाग ने कहा कि शनिवार को भी शहर में गर्मी का यही हाल रहने का अनुमान है, हालांकि दिन में आंशिक रूप से बादल छाए रहने का पूर्वानुमान है।
आईएमडी ने राज्य और पश्चिमी उप्र में कई स्थानों पर लू चलने की चेतावनी भी जारी की है, जिससे शनिवार को रातें गर्म रहेंगी।
औसत तापमान 40 डिग्री के आसपास रहने की उम्मीद है, आईएमडी ने सप्ताहांत में पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में अलग-अलग स्थानों पर गरज के साथ बारिश और तेज हवाएं चलने का अनुमान जताया है।
भाषा
चंदन, आनन्द, रवि कांत रवि कांत
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.