हैदराबाद, चार अक्टूबर (भाषा) अपने साथ काम करने वाली एक महिला का कथित तौर पर यौन उत्पीड़न करने को लेकर पिछले महीने गिरफ्तार किये गए नृत्य निर्देशक जानी मास्टर को हैदराबाद की एक अदालत ने अंतरिम जमानत दे दी है।
अदालत ने बृहस्पतिवार को जानी मास्टर को छह अक्टूबर से 10 अक्टूबर तक अंतरिम जमानत दी, जिनका असली नाम शैक जानी बाशा है। उन्होंने अगले हफ्ते दिल्ली में आयोजित होने वाले राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार समारोह में शामिल होने के लिए जमानत अर्जी दायर की थी।
पुलिस के एक अधिकारी ने कहा कि उन्हें 10 अक्टूबर को अदालत में पेश होने का निर्देश दिया गया है।
जानी मास्टर को 19 सितंबर को साइबराबाद पुलिस ने गोवा में हिरासत में लिया था और हैदरबाद लाई थी तथा शहर की एक अदालत में पेश किया था जिसने उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया था।
महिला ने जानी मास्टर की सहायक नृत्य निर्देशक के रूप में काम किया था। महिला ने पुलिस में दी एक शिकायत में आरोप लगाया था कि जानी मास्टर ने काम के सिलसिले में 2020 में की गई मुंबई की यात्रा के दौरान उसका यौन उत्पीड़न किया था और बाद में भी उसका यौन शोषण किया।
शिकायत के अनुसार, महिला को जानी मास्टर ने इस बारे में किसी को भी बताने पर गंभीर अंजाम भुगतने की धमकी थी।
नरसिंगी पुलिस थाने में, 15 सितंबर को भारतीय दंड संहिता की धारा 376(2)(एन), 506, 323 के तहत एक मामला दर्ज किया गया था।
पुलिस ने बताया कि महिला के बयान दर्ज कराने के दौरान यह खुलासा हुआ कि कथित घटना के वक्त वह नाबालिग थी। इसलिए, मामले में यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम की धारा भी जोड़ी गई।
पीड़िता के बयान के अनुसार, आरोपी ने 2020 से उसके साथ विभिन्न स्थानों–पीड़िता के घर सहित शूटिंग स्थलों पर कई बार यौन उत्पीड़न किया। साथ ही, आरोपी ने उसके साथ शादी करने के लिए उस पर दबाव भी बनाया।
भाषा सुभाष नरेश
नरेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.