भवानीपुर (पश्चिम बंगाल): केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गुरुवार को पश्चिम बंगाल में चुनाव प्रचार के लिए अगले 15 दिनों तक राज्य में रहने का ऐलान किया. उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारी और प्रचार के लिए वे बंगाल में डेरा डालेंगे.
भवानीपुर में एक जनसभा को संबोधित करते हुए अमित शाह ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर निशाना साधते हुए कहा कि बंगाल के हर कोने में अब “टाटा, बाय-बाय ममता” की आवाज गूंज रही है. उन्होंने कहा कि राज्य की जनता तृणमूल कांग्रेस की कथित गुंडागर्दी, भ्रष्टाचार, बेरोजगारी और महिलाओं की सुरक्षा जैसे मुद्दों से परेशान है और बदलाव चाहती है.
शाह ने कहा, “मैं 15 दिन बंगाल में रहूंगा. इस दौरान आप सभी से बातचीत करने के कई मौके मिलेंगे. लेकिन आज मैं यहां हमारे चार नेताओं के नामांकन के लिए आया हूं.”
भवानीपुर, जो ममता बनर्जी का निर्वाचन क्षेत्र है, वहां पश्चिम बंगाल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी मुख्यमंत्री के खिलाफ चुनाव लड़ रहे हैं. शुभेंदु अधिकारी ने गुरुवार को अमित शाह की मौजूदगी में नामांकन दाखिल किया. उनके अलावा बीजेपी के स्वपन दासगुप्ता, शत्रुंजय घोष और संतोष पाठक ने भी अपने-अपने क्षेत्रों से नामांकन भरा.
अमित शाह ने कहा कि बंगाल की जनता राज्य में घुसपैठ रोकने और सीमा को मजबूत करने की मांग कर रही है. उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में भ्रष्टाचार और बेरोजगारी बड़ी समस्या बनी हुई है.
गृह मंत्री ने इससे पहले भवानीपुर में रोड शो भी किया, जिसमें बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और समर्थक शामिल हुए. बीजेपी और तृणमूल कांग्रेस के बीच चुनाव को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है.
तृणमूल कांग्रेस ने बीजेपी पर चुनाव आयोग का दुरुपयोग करने और अधिकारियों के तबादले कराने का आरोप लगाया है, जबकि बीजेपी ने राज्य सरकार पर अवैध घुसपैठ को बढ़ावा देने का आरोप लगाया है.
पश्चिम बंगाल की 294 सीटों वाली विधानसभा के लिए मतदान 23 और 29 अप्रैल को दो चरणों में होगा, जबकि मतगणना 4 मई को होगी. भवानीपुर सीट पर इस बार ममता बनर्जी और शुभेंदु अधिकारी के बीच सीधी टक्कर देखने को मिलेगी. 2021 के चुनाव में अधिकारी ने नंदीग्राम सीट पर ममता बनर्जी को हराया था, जिसके बाद ममता बनर्जी ने भवानीपुर उपचुनाव जीतकर विधानसभा में वापसी की थी.
