scorecardresearch
Thursday, 26 March, 2026
होमदेशतमिलनाडु: द्रमुक ने गठबंधन सहयोगियों पर टिप्पणी के लिए पलानीस्वामी पर साधा निशाना

तमिलनाडु: द्रमुक ने गठबंधन सहयोगियों पर टिप्पणी के लिए पलानीस्वामी पर साधा निशाना

Text Size:

चेन्नई, 26 मार्च (भाषा) तमिलनाडु में सत्तारूढ़ द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) ने बृहस्पतिवार को उसके गठबंधन सहयोगियों पर की गई टिप्पणियों के लिए ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम (अन्नाद्रमुक) के महासचिव एडप्पाडी के. पलानीसामी की कड़ी आलोचना करते हुए इसे ‘अनावश्यक’ बताया।

पार्टी के वरिष्ठ नेता और परिवहन मंत्री एसएस शिवशंकर ने अन्नाद्रमुक की आलोचना करते हुए कहा कि पार्टी का भविष्य बिहार में जनता दल यूनाइटेड (जदयू) प्रमुख नीतीश कुमार, महाराष्ट्र में शिवसेना व राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) और गोवा में क्षेत्रीय दलों की स्थिति जैसा होगा, जो भाजपा के साथ गठबंधन में रहते हुए उसी पार्टी में मिल गए थे।

शिवशंकर ने द्रमुक के प्रमुख सहयोगी दल विदुथलाई चिरुथाइगल काछी (वीसीके) की आलोचना करने के लिए पलानीसामी का उपहास उड़ाते हुए कहा, “वीसीके एक ऐसी पार्टी है जो चुनावी मैदान में चुनौतियों का सामना करते हुए धीरे-धीरे आगे बढ़ी है।”

उन्होंने कहा, ““वीसीके के नेता थोल थिरुमावलवन हर बार चुनाव में जीत हासिल करते हैं और आज हमारे नेता भी उन्हें मान्यता देते हैं।”

शिवशंकर ने पत्रकारों से कहा, “पलानीसामी इस गठबंधन की आलोचना करते हैं, जबकि इसके इतने अच्छे संबंध हैं। पलानीसामी ने अपने गठबंधन में न केवल भाजपा को पिछली बार से अधिक सीट दी हैं बल्कि ऐसी स्थिति उत्पन्न कर दी है कि कई पार्टियां भाजपा के चुनाव चिह्न, कमल के फूल के तहत चुनाव लड़ रही हैं।”

उन्होंने बताया कि भाजपा के अलावा, तमिल मानिला कांग्रेस (मूपनार), थमिझगा मक्कल मुन्नेत्र कषगम, इंडिया जननायगा काछी (आईजेके) और पुधिया नीति काछी भी भाजपा के कमल चिह्न के तले चुनाव लड़ रही हैं।

द्रमुक नेता ने कहा, “पलानीसामी ने तमिलनाडु में भाजपा को बहुत बड़ा स्थान दिया है, जिसे पिछले चुनाव में नोटा से भी नीचे का स्थान मिला था।”

भाषा जितेंद्र वैभव

वैभव

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments