scorecardresearch
Wednesday, 29 April, 2026
होमदेशतमिलनाडु : बाइसन के झुंड ने छह लोगों को घायल किया और तीन घरों को नष्ट कर दिया

तमिलनाडु : बाइसन के झुंड ने छह लोगों को घायल किया और तीन घरों को नष्ट कर दिया

Text Size:

नीलगिरि, आठ अप्रैल (भाषा) तमिलनाडु के नीलगिरी जिले में सरकारी वनस्पति उद्यान के पास एक आदिवासी बस्ती में भारतीय बाइसन के झुंड ने तीन घरों को नष्ट कर दिया और छह लोगों को घायल कर दिया। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।

यह घटना गार्डन मुंड नामक पारंपरिक टोड़ा जनजातीय बस्ती में हुई, जब मंगलवार रात को भारतीय बाइसन का एक झुंड गांव के पास आ गया। स्थानीय चश्मदीदों के अनुसार, जानवर जोर-जोर से आवाज करते हुए आवासीय क्षेत्र में घुस आए और एक घटना में कम से कम दो बाइसन घरों की छतों पर चढ़ गए।

इस हादसे में नीतीश कुट्टन, सूर्या कुट्टन और विवेक कुट्टन के घर पूरी तरह से ध्वस्त हो गए। अधिकारियों ने बताया कि छत की सामग्री और मलबा गिरने से सो रहे छह लोगों को मामूली चोटें आईं।

तेज आवाज़ों से आस-पड़ोस के लोग सतर्क हो गए और ग्रामीण जानवरों को भगाने के लिए इकट्ठा हो गए। अंततः भारतीय बाइसन पास के जंगल क्षेत्र में चले गए।

घायल हुए छह लोगों को तुरंत ऊटी सरकारी मुख्यालय अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

वन विभाग के अधिकारियों ने घटना की जांच शुरू कर दी है और पशुओं के झुंड की गतिविधियों पर नजर रख रहे हैं। स्थानीय आदिवासी समुदाय ने देर रात हुई इस घटना के बाद अपने घरों के पुनर्निर्माण के लिए प्रशासन से सहायता मांगी है।

भाषा तान्या मनीषा वैभव

वैभव

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments