कोलकाता, तीन फरवरी (भाषा) पश्चिम बंगाल के मंत्री फिरहाद हकीम ने शुक्रवार को कहा कि अडाणी समूह के संकट से राज्य की एक प्रमुख बुनियादी ढांचागत परियोजना ताजपुर बंदरगाह निर्माण के प्रभावित होने की संभावना नहीं है।
राज्य मंत्रिमंडल ने पिछले साल ताजपुर में एक ग्रीनफील्ड बंदरगाह के विकास के लिए अडाणी बंदरगाह एवं विशेष आर्थिक क्षेत्र को एक आशय पत्र जारी करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी थी, जिससे 25,000 करोड़ रुपये के अनुमानित निवेश का मार्ग प्रशस्त हुआ था।
पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने पिछले साल अक्टूबर में अडाणी बंदरगाह को परियोजना का आशय पत्र सौंपा था।
तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के वरिष्ठ नेता एवं राज्य के मंत्री फिरहाद हकीम ने कहा, ‘‘परियोजना को एक निविदा के माध्यम से सौंप दिया गया है और इसके पूरा होने की एक समयसीमा निर्धारित की गई है। इसलिए चिंता का कोई कारण नहीं है। परियोजना प्रभावित नहीं होगी।’’
भाषा जितेंद्र अमित
अमित
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
