(तस्वीरों के साथ)
फरीदाबाद (हरियाणा), सात फरवरी (भाषा) सूरजकुंड मेले में शनिवार को बिजली से चलने वाला एक बड़ा झूला टूट कर गिरने से ड्यूटी पर तैनात एक पुलिस निरीक्षक की मौत हो गई और 11 अन्य लोग घायल हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
वहीं, इस घटना से लगभग एक घंटे पहले मेला स्थल पर एक अन्य घटना में एक दरवाजा गिरने से बच्चे समेत दो लोग घायल हो गए।
पुलिस के मुताबिक, शाम करीब छह बजे करीब 15 लोग झूले पर सवार थे, तभी झूला एक तरफ झुक कर जमीन पर गिर गया।
एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि मृत अधिकारी की पहचान पलवल पुलिस के निरीक्षक जगदीश प्रसाद के रूप में की गई है, जो मेला ड्यूटी पर थे और पुलिस लाइन, पलवल में तैनात थे।
प्रसाद मार्च में सेवानिवृत्त होने वाले थे।
अधिकारी ने कहा, उन्होंने लोगों को बचाने की कोशिश की और बहुत बहादुरी दिखाई, लेकिन इस दौरान उनके चेहरे और सिर पर गंभीर चोटें आईं।
एक प्रत्यक्षदर्शी ने कहा कि जब उसने झूले को गिरते देखा, तो लोग और पुलिस अधिकारी अपनी सुरक्षा की परवाह किए बिना इलाके में पहुंचे और घायलों को झूले से बाहर निकाला।
उन्होंने कहा कि पुलिस की त्वरित कार्रवाई से कई लोगों की जान बचाने में मदद मिली।
सूचना मिलते ही जिला उपायुक्त आयुष सिन्हा और पर्यटन विभाग के प्रबंध निदेशक पार्थ गुप्ता तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे।
सिन्हा ने बताया कि घायलों के इलाज के लिए तुरंत व्यवस्था की गई।
घायलों की मदद के लिए तुरंत बचाव अभियान शुरू किया गया। बचाव अभियान के दौरान एक स्टॉल संचालक राघव भी झूले की ग्रिल की चपेट में आ गया, जिससे उसके कंधे में चोट आई है।
झूले पर हादसे से ठीक एक घंटे पहले मेला मैदान का गेट नंबर 2 अचानक गिर गया, जिससे सेक्टर 28 निवासी सुमित मल्होत्रा और एक बच्चा घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि घायलों को इलाज के लिए बीके अस्पताल ले जाया गया।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि झूले पर हुए हादसे में घायल नौ लोगों को पास के निजी अस्पताल ले जाया गया, जबकि दो अन्य को इलाज के लिए बीके अस्पताल ले जाया गया।
सिन्हा ने कहा, “घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। घटनाओं की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्राथमिकी भी दर्ज की जाएगी।”
भाषा प्रशांत माधव
माधव
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
