scorecardresearch
शुक्रवार, 6 जून, 2025
होमदेशसुनीता विलियम्स की सफलता मानवीय उपलब्धियों का प्रमाण : खरगे

सुनीता विलियम्स की सफलता मानवीय उपलब्धियों का प्रमाण : खरगे

Text Size:

नयी दिल्ली, 19 मार्च (भाषा) कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने अंतरिक्ष यात्री सुनीता विलियम्स की पृथ्वी पर सुरक्षित वापसी पर बुधवार को प्रसन्नता जताई और कहा कि उनकी सफलता अंतरिक्ष क्षेत्र से जुड़े उत्साही लोगों के लिए प्रेरणा और मानवीय उपलब्धियों का प्रमाण है।

नासा के अंतरिक्ष यात्री बुच विल्मोर और सुनीता विलियम्स नौ महीने अंतरिक्ष में रहने के बाद बुधवार तड़के पृथ्वी पर लौट आए।

खरगे ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘पृथ्वी पर पुनः आपका स्वागत है, सुनीता विलियम्स! कांग्रेस की ओर से, मैं नासा के अंतरिक्ष यात्री बुच विल्मोर के साथ आपकी सुरक्षित और सफल वापसी पर हार्दिक बधाई एवं हार्दिक शुभकामनाएं देता हूं। आपके विस्तारित मिशन के सुरक्षित समापन से भारत के 1.4 अरब नागरिकों को राहत और प्रसन्नता की अनुभूति हुई है, जो आपकी उपलब्धियों पर बेहद गर्व महसूस करते हैं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘आपकी उत्कृष्ट प्रतिबद्धता दुनिया भर में अंतरिक्ष उत्साही लोगों के लिए प्रेरणा के रूप में काम करती है और मानवीय उपलब्धियों का प्रमाण है।’’

खरगे ने इस बात का उल्लेख किया कि भारत ने वैज्ञानिक सोच और जिज्ञासा की भावना को बढ़ावा देने का लगातार समर्थन किया है।

उन्होंने कहा, ‘‘मैं इस महत्वपूर्ण अवसर का जश्न मनाने में हमारे अंतरिक्ष यात्रियों, वैज्ञानिकों, अंतरिक्ष इंजीनियरों और शोधकर्ताओं के साथ शामिल होता हूं जो मानवता की सेवा में आधी रात को भी लगे हुए हैं।’’

खरगे ने कहा, ‘‘हम सामूहिक रूप से अंतरिक्ष अन्वेषण के क्षेत्र में वैश्विक उपलब्धियों का जश्न मनाते हैं। यह एक ऐसा क्षेत्र है जो संकीर्ण दृष्टिकोण और पूर्वाग्रही सोच की सीमाओं से परे है। हम मानवता के लिए आपकी अमूल्य सेवा के लिए अपनी हार्दिक कृतज्ञता व्यक्त करते हैं।’’

भाषा हक नेत्रपाल

नेत्रपाल

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments