scorecardresearch
Sunday, 22 March, 2026
होमदेशसभी लंबित जवाब 25 मार्च तक प्रस्तुत करें: होरत्ती ने कर्नाटक सरकार को निर्देश दिया

सभी लंबित जवाब 25 मार्च तक प्रस्तुत करें: होरत्ती ने कर्नाटक सरकार को निर्देश दिया

Text Size:

बेंगलुरु, 18 मार्च (भाषा) कर्नाटक विधान परिषद के सभापति बसवराज होरत्ती ने बुधवार को राज्य सरकार को सभी लंबित जवाब 25 मार्च तक प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है और साथ ही चेतावनी दी कि यदि इस निर्देश का पालन नहीं किया गया तो अगले दिन कार्रवाई की जाएगी।

इस पर प्रदेश सरकार के गृहमंत्री जी. परमेश्वर ने निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया।

परमेश्वर ने कहा कि सरकार ने जवाब देने में देरी की समस्या को दूर करने के लिए पहले ही कदम उठा लिए हैं, जिसमें विभागीय सचिवों को नोटिस जारी करना और लगातार लापरवाही की स्थिति में निलंबन की चेतावनी शामिल है।

उन्होंने कहा, “यह किया जा सकता है, सभापति महोदय।’’ मंत्री ने सभापति के निर्देश को समय-सीमा में पूरी करने पर सहमति जताई।

होरत्ती ने परिषद में कहा, “सभी जवाब 25 तारीख तक दिए जाने चाहिए। यदि नहीं दिए गए, तो 26 तारीख को कार्रवाई की जानी चाहिए और सदन को सूचित किया जाना चाहिए।”

यह वार्तालाप तब हुआ जब जनता दल (एस) के विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) भोजे गौड़ा ने बड़ी संख्या में अनुत्तरित प्रश्नों को लेकर चिंता जताई।

उन्होंने कहा, “अब तक यहां 688 प्रश्न पूछे गए हैं, लेकिन लगभग 400 का जवाब नहीं दिया गया है,… इसका मतलब है कि केवल 277 प्रश्नों के जवाब दिए गए हैं।”

भाषा रंजन देवेंद्र

देवेंद्र

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments