scorecardresearch
Friday, 22 August, 2025
होमदेशहिमाचल प्रदेश में विश्वविद्यालयों, कॉलेजों में अभी छात्र संघ चुनाव बहाल नहीं होंगे : मंत्री

हिमाचल प्रदेश में विश्वविद्यालयों, कॉलेजों में अभी छात्र संघ चुनाव बहाल नहीं होंगे : मंत्री

Text Size:

शिमला, 22 अगस्त (भाषा) हिमाचल प्रदेश के शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने विधानसभा में कहा कि विश्वविद्यालयों और कॉलेजों के छात्र संघ चुनाव अभी बहाल नहीं किए जाएंगे।

ठाकुर ने कहा कि सरकार ‘छात्र केंद्रीय संघों’ (एससीए) के चुनाव पर भविष्य में विचार करेगी।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विपिन सिंह परमार द्वारा पेश किए गए एक निजी प्रस्ताव पर चर्चा में ठाकुर ने कहा कि इस मुद्दे पर गंभीरता से विचार करने की आवश्यकता है, क्योंकि छात्र संघ के चुनावों के दौरान माहौल हिंसक हो जाता है।

प्रस्ताव पेश करते हुए परमार ने कहा कि 80 प्रतिशत नेता छात्र राजनीति से निकले हैं और एससीए चुनाव भविष्य के नेताओं को तैयार करते हैं।

भाजपा विधायक ने कहा कि भारत की 65 प्रतिशत से अधिक आबादी 35 वर्ष से कम आयु की है और इसलिए छात्रों को राजनीतिक गतिविधियों व चुनावों में शामिल होने का अवसर मिलना चाहिए।

तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी ने कहा कि राजनीति में छात्रों की भागीदारी गलत नहीं है, लेकिन कॉलेज परिसरों में हिंसा अस्वीकार्य है।

छात्र संघ चुनाव का समर्थन करते हुए भाजपा के विनोद कुमार ने कहा कि केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा और हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर जैसे नेता छात्र राजनीति की उपज हैं।

वहीं, कांग्रेस सदस्य केवल सिंह पठानिया ने कहा कि सदन के अधिकांश सदस्य छात्र राजनीति से निकले हैं, लेकिन उन्होंने कॉलेज और विश्वविद्यालय परिसरों को हिंसा से मुक्त रखने की आवश्यकता पर भी बल दिया।

भाषा गोला शोभना

शोभना

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments