scorecardresearch
Tuesday, 12 August, 2025
होमदेशमराठी बोलने को लेकर हुए विवाद के बाद छात्र पर हमला, चार आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज

मराठी बोलने को लेकर हुए विवाद के बाद छात्र पर हमला, चार आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज

Text Size:

ठाणे, 23 जुलाई (भाषा) नवी मुंबई के वाशी इलाके में 20 वर्षीय छात्र पर हॉकी स्टिक से हमला करने के आरोप में चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। छात्र से आरोपियों ने मराठी में बात करने को कहा था जिसकी वजह से उनके बीच बहस हुई थी। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों के मुताबिक यह घटना मंगलवार पूर्वाह्न करीब 10.30 बजे वाशी के एक कॉलेज के बाहर हुई।

उन्होंने बताया कि ऐरोली के पावने गांव निवासी पीड़ित ने इस संबंध में शिकायत दर्ज कराई है।

वाशी पुलिस थाना के एक अधिकारी ने बताया, ‘‘यह झगड़ा तब शुरू हुआ जब फैजान नाइक नामक एक आरोपी ने मराठी में बात किए जाने पर आपत्ति जताई। बहस इतनी बढ़ गई कि नाइक और तीन अन्य ने शिकायतकर्ता पर हमला कर दिया।’’

उन्होंने कहा, ‘‘मुख्य आरोपी ने पीड़ित के सिर पर हॉकी स्टिक से वार किया, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं। अन्य आरोपियों ने भी उसका साथ दिया और उसे लात-घूंसों से पीटा। आरोपियों ने पीड़ित को गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दी। पीड़ित घटनास्थल पर ही खून से लथपथ हो गया।’’

अधिकारी के मुताबिक शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 118 (1) (खतरनाक हथियारों या साधनों से स्वेच्छा से चोट पहुंचाना या गंभीर चोट पहुंचाना), 352 (शांति भंग करने के इरादे से जानबूझकर अपमान करना), 351 (2) और 351 (3) (आपराधिक धमकी), धारा 3 (5) (सामान्य इरादा) और अन्य सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

अधिकारी ने बताया, ‘‘हम मामले को गंभीरता से ले रहे हैं और यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि जिम्मेदार लोगों को न्याय के कठघरे में लाया जाए। पीड़ित की मेडिकल जांच करवाई गई है और उसका बयान दर्ज किया गया है। आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।’’

भाषा धीरज रंजन

रंजन

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments