बेंगलुरु, आठ जनवरी (भाषा) कर्नाटक मंत्रिमंडल ने बृहस्पतिवार को कलबुर्गी नगर निगम को शहर भर में महात्मा गांधी, जवाहरलाल नेहरू, इंदिरा गांधी और राजीव गांधी की प्रतिमाएं बनाने की अनुमति दे दी।
कलबुर्गी कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और उनके मंत्री बेटे प्रियंक खरगे का क्षेत्र है।
कर्नाटक के कानून और संसदीय कार्य मंत्री एच.के. पाटिल ने मंत्रिमंडल की बैठक के बाद पत्रकारों को जानकारी देते हुए कहा, “पहले नगर निगम को प्रतिमाएं स्थापित करने की अनुमति थी, लेकिन अब राज्य सरकार की अनुमति आवश्यक है। इसलिए यह मामला मंत्रिमंडल के समक्ष आया।”
मंत्री ने कहा कि इसका उद्देश्य उन लोगों को भारत के स्वतंत्रता संग्राम का इतिहास बताना है जो इससे अपरिचित हैं।
पाटिल ने कहा, “ये प्रतिमाएं देश के लिए किए गए बलिदानों के प्रति लोगों को प्रेरित करेंगी।”
कर्नाटक मंत्रिमंडल ने महिलाओं और बच्चों को हिंसा, अत्याचार और शोषण से बचाने के लिए ‘अक्का पदे’ (बड़ी बहन बल) को भी मंजूरी दे दी।
पाटिल ने कहा, “मंत्रिमंडल ने गृह विभाग के समन्वय से राज्य के 31 जिलों और पांच पुलिस आयुक्तालयों में ‘अक्का पदे’ योजना को लागू करने की मंजूरी दे दी है।”
‘एक्स’ पर एक पोस्ट में मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार हिंसा, उपेक्षा या शोषण का शिकार हुई महिलाओं और बच्चों को समय पर सहायता और सुरक्षा प्रदान करने और भयमुक्त वातावरण बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा कि इस निर्णय का उद्देश्य महिलाओं और बच्चों को कानूनी जागरूकता, तत्काल सुरक्षा और आवश्यक सहायता प्रदान करना भी है।
भाषा प्रशांत वैभव
वैभव
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
