scorecardresearch
Sunday, 5 April, 2026
होमदेश16 अप्रैल को संसद का विशेष सत्र, महिला आरक्षण बिल पेश होगा: किरेन रिजिजू

16 अप्रैल को संसद का विशेष सत्र, महिला आरक्षण बिल पेश होगा: किरेन रिजिजू

महिला सशक्तिकरण पर एकजुट होने की अपील; FCRA संशोधन बिल पर कांग्रेस पर साधा निशाना.

Text Size:

तिरुवनंतपुरम: संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने शुक्रवार को घोषणा की कि 16 अप्रैल को संसद का विशेष सत्र बुलाया जाएगा, जिसमें महिला आरक्षण बिल पर चर्चा की जाएगी. उन्होंने कहा कि महिला सशक्तिकरण सरकार की प्रतिबद्धता है और इस मुद्दे पर सभी राजनीतिक दलों को एकजुट होना चाहिए.

केरल विधानसभा चुनाव के दौरान एक इंटरव्यू में रिजिजू ने कहा, “हम 16 अप्रैल को संसद का सत्र बुला रहे हैं. उस दिन महिला आरक्षण बिल लाया जाएगा. महिलाओं का सशक्तिकरण हमारी प्रतिबद्धता है. इस मुद्दे पर राजनीति नहीं, एकजुटता होनी चाहिए.”

विदेशी अंशदान (विनियमन) संशोधन विधेयक (FCRA) को लेकर केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन के आरोपों पर रिजिजू ने पलटवार करते हुए कांग्रेस पर अल्पसंख्यकों, खासकर मुस्लिम समुदाय को वोट बैंक की तरह इस्तेमाल करने का आरोप लगाया.

रिजिजू, जो अल्पसंख्यक कार्य मंत्री भी हैं, ने कहा, “प्रधानमंत्री मोदी के प्रधानमंत्री बनने से पहले देश में अल्पसंख्यकों की अनदेखी होती थी. कांग्रेस अल्पसंख्यकों, खासकर मुस्लिम समुदाय को वोट बैंक की तरह देखती थी. हमारी सरकार में छोटे अल्पसंख्यक समुदायों को भी महत्व दिया जा रहा है.”

मुस्लिम समुदाय से अपील करते हुए उन्होंने कहा, “मैं मुस्लिम समुदाय से कहना चाहता हूं कि कांग्रेस उन्हें वोट बैंक की तरह इस्तेमाल कर रही है, जो उनके लिए ठीक नहीं है. उन्हें किसी एक पार्टी का वोट बैंक क्यों बनना चाहिए? हम सभी के लिए काम करते हैं. केवल अवैध FCRA खातों पर ही असर पड़ेगा.”

गौरतलब है कि केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने गुरुवार को FCRA संशोधन विधेयक 2026 की आलोचना करते हुए कहा था कि इससे अल्पसंख्यक समुदायों में चिंता बढ़ रही है. उनका कहना था कि समाज के एक वर्ग को शक की नजर से देखना सही नहीं है.

यह विधेयक 25 मार्च को लोकसभा में पेश किया गया था, जिसका उद्देश्य विदेशी चंदे से जुड़े नियमों में पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ाना बताया गया है.

केरल विधानसभा चुनाव के लिए 9 अप्रैल को मतदान होगा, जबकि मतगणना 4 मई को होगी. मौजूदा विधानसभा का कार्यकाल 23 मई को समाप्त होगा.

share & View comments