लखनऊ, आठ जनवरी (भाषा) समाजवादी पार्टी (सपा) के मीडिया प्रकोष्ठ के पदाधिकारी मनीष जगन अग्रवाल को सोशल मीडिया पर महिलाओं के प्रति कथित अभद्र टिप्पणी करने के आरोपों में रविवार सुबह लखनऊ के हजरतगंज इलाके से गिरफ्तार कर लिया गया।
अग्रवाल की गिरफ्तारी से नाराज सपा के कार्यकर्ता उनकी तत्काल रिहाई की मांग को लेकर यहां उत्तर प्रदेश पुलिस मुख्यालय के बाहर जमा हो गए।
पुलिस उपायुक्त (मध्य) अर्पणा रजत कौशिक ने बताया कि अग्रवाल को आज सुबह हजरतगंज से गिरफ्तार किया गया। उन पर सोशल मीडिया पर महिलाओं के प्रति अभद्र और अपमानजनक टिप्पणी करने का आरोप है।
भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो)की उत्तर प्रदेश इकाई की सोशल मीडिया प्रभारी ऋचा राजपूत द्वारा दी गई शिकायत के आधार पर पिछली चार जनवरी को हजरतगंज थाने में अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ धाराओं 354 (ए) (यौन उत्पीड़न), 504 (जानबूझकर अपमान) और 506 (आपराधिक धमकी के लिए सजा) में मुकदमा दर्ज किया गया था।
पुलिस को दी गई शिकायत में ऋचा ने सपा मीडिया सेल के ट्विटर अकाउंट पर की गई कई टिप्पणियों का हवाला देते हुए कहा था ‘समाजवादी पार्टी के जिम्मेदार पदाधिकारियों ने धमकी दी है कि मेरे साथ बलात्कार किया जाएगा। उन्होंने मुझे जान से मारने की भी धमकी दी है। उन्होंने मेरे खिलाफ अभद्र टिप्पणी भी की है।’
अग्रवाल इस हैंडल का संचालन करते थे।
इस बीच, अपर पुलिस महानिदेशक (कानून-व्यवस्था) प्रशांत कुमार ने यहां पुलिस मुख्यालय में पत्रकारों से बातचीत में अखिलेश की तरफ इशारा करते हुए कहा, ‘एक पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष (अखिलेश यादव) अन्य विधायकों के साथ डीजीपी मुख्यालय आए थे। उन्होंने पूछा कि सपा के मीडिया प्रकोष्ठ से जुड़े मनीष जगन अग्रवाल को क्यों गिरफ्तार किया गया। उन्हें (अखिलेश) बताया गया कि अग्रवाल के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था और उसकी गिरफ्तारी विस्तृत जांच के बाद की गई है।’
उन्होंने कहा कि पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई कानून के प्रावधानों के अनुरूप है।
कुमार ने कहा, ‘उस व्यक्ति (अग्रवाल) ने समय-समय पर शालीनता की हदें पार कीं और ट्वीट किए। उन्होंने पत्रकारों के खिलाफ अभद्र भाषा और जातिवादी भावना के साथ ट्वीट भी किए थे।’
सपा ने अग्रवाल की गिरफ्तार को ‘शर्मनाक’ बताते हुए उन्हें फौरन रिहा करने की मांग की है।
पार्टी ने अपने आधिकारिक हैंडल से किये गये ट्वीट में कहा ”समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता मनीष जगन अग्रवाल को लखनऊ पुलिस के द्वारा गिरफ्तार करना निंदनीय एवं शर्मनाक! सपा कार्यकर्ता को अविलंब रिहा करे पुलिस।”
अग्रवाल की गिरफ्तारी के बाद सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पूर्वाह्न करीब 11 बजे गोमतीनगर स्थित पुलिस मुख्यालय पहुंचे। उनके साथ सपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजेन्द्र चौधरी और पार्टी प्रान्तीय अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल भी मौजूद थे।
पार्टी ने अखिलेश और उनके साथियों की तस्वीरें टैग करते हुए ट्वीट किया, ”मुख्यालय में कोई जिम्मेदार व्यक्ति मौजूद नहीं है।”
सपा प्रवक्ता राजेंद्र चौधरी ने बताया कि अखिलेश के पहुंचने के लगभग आधे घंटे बाद लखनऊ के संयुक्त पुलिस आयुक्त पीयूष मोर्डिया पुलिस मुख्यालय पहुंचे, इस दौरान सपा अध्यक्ष ने उनसे अग्रवाल की गिरफ्तारी के कारणों के बारे में पूछा, जिसपर मोर्डिया ने कहा कि मामले की पड़ताल की जा रही है और कोई भी अवैध कार्रवाई नहीं की गई है।
चौधरी ने बताया कि अखिलेश और उनके साथ पुलिस मुख्यालय पहुंचे अन्य नेता बाद में अग्रवाल से मिलने के लिए लखनऊ कारागार भी गए।
इस दौरान सपा कार्यकर्ताओं ने पुलिस मुख्यालय के एक गेट पर धरना प्रदर्शन और नारेबाजी की। बाद में पुलिस ने उन्हें तितर-बितर दिया।
भाषा सलीम धीरज
धीरज
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
