नई दिल्ली: सुरक्षा एजेंसियों के एक सूत्र ने दिप्रिंट को बताया कि कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के सह-संयोजक सौरव दास को कथित तौर पर ब्रिटेन जाने से इसलिए रोका गया, क्योंकि उनके पहचान दस्तावेजों में गड़बड़ी थी. इस वजह से उनका पासपोर्ट यात्रा के लिए वैध नहीं रह गया था.
सूत्र के मुताबिक, चेन्नई स्थित क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय (RPO) ने सोमवार को दास को कारण बताओ नोटिस जारी किया था. इसमें उनसे उनके पहचान दस्तावेजों में मिली गड़बड़ियों पर जवाब मांगा गया था. इनमें आधार कार्ड, स्कूल सर्टिफिकेट और पासपोर्ट में दर्ज जन्मतिथि का अलग-अलग होना भी शामिल था.
नोटिस में यह भी कहा गया था कि जब तक इन गड़बड़ियों को ठीक नहीं किया जाता, तब तक वह अपने पासपोर्ट का इस्तेमाल यात्रा के लिए नहीं कर सकते. सूत्र ने बताया कि दास ने इस नोटिस का जवाब नहीं दिया.
सूत्र ने कहा, “RPO ने उनसे पासपोर्ट, आधार कार्ड और स्कूल सर्टिफिकेट में दर्ज जन्मतिथि में अंतर को लेकर सफाई मांगी थी, लेकिन उन्होंने कारण बताओ नोटिस का जवाब नहीं दिया. दस्तावेजों में गड़बड़ी होने के कारण उनका पासपोर्ट यात्रा के लिए वैध नहीं था.”
सूत्र ने बताया कि जब दास देश छोड़ने की कोशिश कर रहे थे, तब इमिग्रेशन अधिकारियों ने इस गड़बड़ी को पकड़ लिया. सूत्र ने कहा, “इमिग्रेशन के सिस्टम में ये जानकारियां सामने आईं और उन्हें यात्रा करने से रोक दिया गया.”
CJP के संस्थापक अभिजीत दीपके ने इस घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि दास का पासपोर्ट 2019 में जारी किया गया था. उन्होंने सवाल उठाया कि ये गड़बड़ियां अब क्यों सामने आ रही हैं.
उन्होंने X पर लिखा, “सौरव के पासपोर्ट में गड़बड़ियां? उनका पासपोर्ट 2019 में इसी सरकार ने जारी किया था. सात साल तक उन्हें कोई गड़बड़ी नजर नहीं आई, लेकिन CJP के गठन और सौरव के इसके प्रमुख चेहरों में से एक बनने के बाद अचानक उन्हें ये गड़बड़ियां दिखने लगीं?”
दास ने कहा था कि वह ब्रिटेन में ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी के एक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे. यूनिवर्सिटी के छात्र संघ ने उन्हें ‘कॉकरोच आंदोलन’ के बारे में बोलने के लिए आमंत्रित किया था.
सोमवार को दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से X पर पोस्ट किए गए एक वीडियो में दास ने कहा कि रात 1 बजे लंदन जाने वाली उनकी फ्लाइट से पहले इमिग्रेशन अधिकारियों ने उन्हें रोक दिया, क्योंकि उनके पासपोर्ट को ‘फ्लैग’ किया गया था.
उन्होंने कहा, “इस कायर मोदी सरकार ने मुझे दिल्ली हवाई अड्डे पर लंदन जाने से रोक दिया. मैं ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी में लेक्चर देने जा रहा था.”
🚨This coward government did not allow me to board my flight to London where I was invited by prestigious universities like Oxford, Cambridge, LSE, Edinburgh to deliver talks on the cockroach movement. Indian students put their heart and soul to organise the events but this… pic.twitter.com/VTlL2kO57M
— Saurav Das (@SauravDassss) November 23, 2026
उन्होंने आगे कहा, “भारतीय छात्रों ने इन कार्यक्रमों को आयोजित करने के लिए अपना पूरा जोर लगा दिया, लेकिन यह बौद्धिक सोच का विरोध करने वाली सरकार डरी हुई थी कि मैं इन प्रतिष्ठित संस्थानों में जाऊंगा.”
दास ने यह भी सवाल उठाया कि सरकार एक पढ़े-लिखे युवा के दूसरे लोगों के साथ बौद्धिक चर्चा करने से क्यों डर रही है.
उन्होंने कहा, “काश मैं नीरव मोदी होता. काश मैं विजय माल्या होता. काश मैंने बैंकों से हजारों करोड़ रुपये लूटे होते…”
(इस रिपोर्ट को अंग्रेज़ी में पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें)
यह भी पढ़ें: AI के दौर में नौकरी की चिंता ने बेंगलुरु के हाउसिंग मार्केट को कैसे बदला?