तेजपुर (असम), 10 मार्च (भाषा) झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मंगलवार को असम के आदिवासी समुदाय से आगामी विधानसभा चुनाव में अपने लोकतांत्रिक अधिकारों का विवेकपूर्ण ढंग से प्रयोग करने की अपील की।
सोरेन ने बिश्वनाथ जिले में एक जनसभा को संबोधित किया, जहां नवगठित जय भारत पार्टी (जेबीपी) के साथ उनके दल झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) का गठबंधन है। राज्य में दोनों दल 40 सीट पर मिलकर चुनाव लड़ंगे।
सोरेने कहा कि जब गरीब और हाशिए पर रहने वाले लोग एकजुट हो जाते हैं, तो कोई भी ताकत उनकी आवाज को दबा नहीं सकती।
सोरेन ने रसोई गैस और दैनिक उपयोग की आवश्यक वस्तुओं की बढ़ती कीमतों पर भी चिंता व्यक्त की तथा कहा कि महंगाई से सबसे ज्यादा प्रभावित आम परिवार होते हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘हमारे आदिवासी समुदायों का साहस एवं दृढ़ता का लंबा इतिहास रहा है, और उन्होंने कभी अन्याय के आगे घुटने नहीं टेके हैं। मैं आप सभी से एकजुट रहने और राजनीतिक एवं संवैधानिक दोनों माध्यमों से अपने अधिकारों के लिए लड़ने का आह्वान करता हूं।’’
असम की 126 सदस्यीय विधानसभा का चुनाव अप्रैल में होने की संभावना है।
जेबीपी अध्यक्ष तेहारू गौर ने कहा कि उनकी पार्टी और झामुमो मिलकर लगभग 40 सीट पर चुनाव लड़ेंगे।
भाषा
नेत्रपाल पवनेश
पवनेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
