गुवाहाटी, 10 मार्च (भाषा) असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने मंगलवार को 26 सेकंड का एक वीडियो पोस्ट किया गया, जिसमें राज्य का एक राजमार्ग ऐसा दिखाई दे रहा है जैसे वह एफ1 ट्रैक हो। इस वीडियो को लेकर सोशल मीडिया प्रयोक्ताओं ने आलोचना की और कई लोगों ने दावा किया कि यह वीडियो कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) से बनाया गया है।
‘एक्स’ पर अपनी पोस्ट पर आई टिप्पणियों के बाद, मुख्यमंत्री ने जवाब देते हुए कहा कि यह असम का बुनियादी ढांचा है, न कि एआई द्वारा बनाई गई कोई तस्वीर।
वीडियो के कैप्शन में ‘एफ1 ट्रैक’ के आगे गलत का संकेत और ‘असम की सड़कें’ के आगे सही का निशान था।
पोस्ट पर लोगों की प्रतिक्रिया आने पर शर्मा ने एक अन्य वीडियो में जवाब दिया, ‘आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (गलत का निशान) असम का बुनियादी ढांचा (हरा टिक)’।
दूसरे वीडियो में भाजपा के झंडे लिए लोगों से भरी सड़क पर कारों का काफिला दिखाई दे रहा है।
कई इंटरनेट प्रयोक्ताओं ने गड्ढों से भरी सड़कों की तस्वीरें पोस्ट कीं और दावा किया कि ये असम की सड़कों की वास्तविक स्थिति को दर्शाती हैं। एक प्रयोक्ता ने ‘सबसे अधिक क्षतिग्रस्त राजमार्गों वाले भारतीय राज्यों में असम तीसरे स्थान पर है’ शीर्षक वाली एक समाचार भी साझा की।
कांग्रेस प्रवक्ता रीतम सिंह ने भी पोस्ट में टिप्पणी करते हुए कहा कि ‘मुख्यमंत्री ने खुद को पूरी तरह से मूर्ख साबित कर दिया है और अब वे अपनी मूर्खता को और बढ़ा रहे हैं।’
मुख्यमंत्री के मंत्रिमंडल के सहयोगियों ने भी इन पोस्ट पर प्रतिक्रिया दी। जल संसाधन मंत्री पीयूष हजारिका ने टिप्पणी की कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी और गौरव गोगोई जैसे ‘कम समझ वाले’ लोगों को असम के बुनियादी ढांचे में हो रहे बदलावों की गति को पचाने में स्पष्ट रूप से कठिनाई होगी। इसीलिए उन्होंने ऐसे दृश्यों को ‘एआई-से तैयार’ कहना शुरू कर दिया है।
भाषा आशीष प्रशांत
प्रशांत
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
