इंफाल, 21 जुलाई (भाषा) मणिपुर के इंफाल पूर्व और काकचिंग जिलों से सुरक्षा बलों ने दो प्रतिबंधित संगठनों के तीन उग्रवादियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने सोमवार को एक बयान जारी कर यह जानकारी दी।
बयान में बताया गया कि गोला-बारूद की अवैध बिक्री में शामिल होने के आरोप में तीन अन्य लोगों को भी इंफाल पश्चिम जिले से गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस ने बताया कि प्रतिबंधित संगठन प्रेपक के स्वयंभू सार्जेंट मेजर को शनिवार को इंफाल पूर्व जिले के कोंथा अहलुप स्थित उसके आवास से गिरफ्तार किया गया। उसने बताया कि उसने म्यांमा के तानल में बुनियादी सैन्य प्रशिक्षण प्राप्त किया था और पिछले साल अक्टूबर में संगठन के लिए एक काडर की भर्ती की थी।
पुलिस ने बताया कि प्रतिबंधित यूपीपीके के दो सक्रिय सदस्यों को जबरन वसूली की गतिविधियों में शामिल होने के आरोप में रविवार को काकचिंग के एक बाजार से गिरफ्तार किया गया।
सुरक्षा बलों ने गोला-बारूद की अवैध बिक्री में संलिप्तता के आरोप में इंफाल पश्चिम जिले के थांगमेइब और खुयाथोंग पोलेम लेइकाई इलाकों से भी रविवार को तीन लोगों को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने बताया कि उनके पास से 100 से अधिक गोला-बारूद बरामद किए गए।
सुरक्षा बल दो साल पहले जातीय हिंसा भड़कने के बाद से मणिपुर में तलाश अभियान चला रहे हैं।
मेइती और कुकी-जो समूहों के बीच जातीय हिंसा में मई 2023 से 260 से अधिक लोग मारे गए हैं और हजारों लोग बेघर हो गए हैं।
मुख्यमंत्री एन. बीरेन सिंह के इस्तीफा देने के बाद केंद्र ने 13 फरवरी को मणिपुर में राष्ट्रपति शासन लागू कर दिया था। राज्य विधानसभा को निलंबित कर दिया गया है।
भाषा सिम्मी खारी
खारी
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.