राजकोट, आठ फरवरी (भाषा) गुजरात पुलिस ने राजकोट शहर के एक घर से एक करोड़ रुपये मूल्य के 120 किलोग्राम चांदी के आभूषणों की चोरी के सिलसिले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि एक सूचना के आधार पर पुलिस ने प्रदीप प्रजापति को पकड़ा है और उसके पास से 40 किलोग्राम चांदी बरामद की है। यह चांदी उसने चार फरवरी की तड़के रणछोड़ नगर इलाके के एक घर से चुरायी थी।
उन्होंने बताया कि अपराध में शामिल एक अन्य प्रमुख संदिग्ध को पकड़ने के लिए सूरत और वडोदरा में तलाशी अभियान जारी है।
उन्होंने कहा, ‘जांच से पता चला कि चांदी को बिक्री के लिए मेहसाना ले जाया जा रहा था और अपराध शाखा ने खेप को जब्त कर लिया।’
पुलिस अधिकारी ने बताया कि शिकायतकर्ता अतुल बुसा ने पुलिस को सूचित किया कि उसने गहने अपने दोस्त के घर पर रखे थे और बाद में उसे उसी से चोरी के बारे में पता चला।
उन्होंने बताया कि सीसीटीवी फुटेज में तीन लोग घर में प्रवेश करते और कुछ बैग लेकर कार से जाते हुए नजर आए। उन्होंने बताया कि जांच जारी है।
भाषा
शुभम प्रशांत
प्रशांत
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
